उत्तराखण्डदिल्लीदेहरादून

सीएम हेल्पलाइन 1905: जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी नाराज़ , कहा, लापरवाह अफसरों को जारी करें नोटिस 

कहा -जन समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी जिम्मेदारी

सीएम हेल्पलाइन 1905 पर समस्याओं का समय से हो निवारण

लापरवाही करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए

पुष्कर धामी ने की सीएम हेल्पलाइन 1905 पोर्टल की समीक्षा
 
नई दिल्ली/ देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 की बैठक लेकर अधिकारियों को लंबित समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न शिकायतकर्ताओं से बातचीत कर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उनके द्वारा दर्ज शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर आने वाली जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता ना दिखाने वाले अफसरों पर मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए हैं। कहा है कि सीएम हेल्पलाइन 1905 में समय पर समस्याओं का निवारण न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। जिन अधिकारियों के स्तर पर अधिक शिकायतें लंबित हैं, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए और लापरवाही बरते जाने की स्थिति में सख्त कार्रवाई भी की जाए। सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि कार्मिकों की सेवानिवृत्ति के बाद एक माह के अन्दर उनके सभी देयकों का भुगतान हो जाए। ये निर्देश मुख्यमंत्री ने बुधवार को नई दिल्ली से सीएम हेल्पलाइन 1905 की वर्चुअल समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जन मानस की है। जन समस्याओं का त्वरित समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। राजस्व विभाग, वन विभाग और शिक्षा विभाग में जन शिकायतों के समाधान में हो रही लेट लतीफी पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि अधिक समय तक लंबित प्रकरणों के मामले में संबंधित अधिकारियों का स्पष्टीकरण लिया जाए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये है कि राजस्व विभाग से संबंधित सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन क्षेत्रों में अधिक शिकायते प्राप्त हो रही हैं, उसका कारण जानने के साथ ही उचित समाधान के लिए आगे की योजना बनाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं। उन्होंने कहा कि सभी सुनिश्चित करें कि जिन समस्याओं का समाधान जिस स्तर पर हो सकता है, वहीं समाधान किया जाए। अनावश्यक रूप से शिकायत उच्च स्तर पर आने पर उन अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाए, जो अपने स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं।  बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, अपर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव न्याय प्रदीप पंत, प्रमुख सचिव एल.फैनई, आर.मीनाक्षी सुंदरम, डीजीपी दीपम सेठ, कई सचिव, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, वर्चुअल माध्यम से उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन विनय रोहिला, प्रमुख सचिव आर.के सुधांशु, आर.सी अजय मिश्रा, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।

सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाए। पेयजल से संबंधित अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किये जाएं। आगामी ग्रीष्मकाल के दृष्टिगत भी प्रदेश में पेयजल की सुचारू आपूर्ति के लिए पूरी व्यवस्था की जाए। 180 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों पर विशेष अभियान चलाकर उनका निस्तारण करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को दिए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button