उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

भाजपा संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बोले मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले नौ सालों में देश के हर वर्ग का  हुआ कल्याण , 2024 में नए रिकॉर्ड के साथ प्रदेश की पांचों सीटों पर  रचना है जीत का नया इतिहास

मुख्यमंत्री ने किया भाजपा संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति“ की बैठक को सम्बोधित
प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, सातो मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद
देहरादून। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को जीएमएस रोड स्थित फार्म हाउस में “भाजपा संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति“ की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यसमिति की इस बैठक में महाजनसंपर्क अभियान, संगठनात्मक विषयों, मन की बात, बूथ सशक्तिकरण अभियान सहित अन्य विषयों पर किये गये गहन मंथन से जो ’प्रेरणा रूपी अमृत’ निकलेगा वह निश्चित रूप से प्रदेश भाजपा के लिए अत्यंत लाभकारी होगा।
उन्होंने कहा कि हमें इन विशेष अभियानों के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचना है। महाजनसंपर्क अभियान द्वारा विभिन्न समुदायों के साथ ही समाज के प्रबुद्ध वर्ग, युवा वर्ग तथा महिलाओं के बीच जाना होगा और प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलते हुए भारत की उभरती तस्वीर को आमजन के समक्ष रखते हुए उन्हें केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देनी होेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले नौ सालों में देश के हर वर्ग का कल्याण हुआ है। आजादी के बाद के वर्षों की तुलना में पिछले नौ वर्षों के दौरान विकास के सभी मापदंडों के आधार पर हम कह सकते हैं, हमारे देश ने हर क्षेत्र में जबरदस्त प्रगति की है,जिसका लोहा आज संपूर्ण विश्व मान रहा है। वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री  मोदी पर अपना भरोसा जताया था, और आज जनता के इसी भरोसे ने 2014 से 2023 के नौ वर्षों की अवधि में देश की “समृद्धि रूपी“ रेल गाड़ी को “विकास रूपी पटरियों“ पर तेजी से दौडाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नौ सालों में प्रधानमंत्री  के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा तक, निःशुल्क खाद्यान्न से लेकर निशुल्क इलाज तक, किसानों के विकास से लेकर गरीबों के आवास तक, सेना के आधुनिकीकरण से लेकर सीमाओं की सुरक्षा तक, प्रत्येक नागरिक को वैक्सीन पहुंचाने से लेकर हथियार और मोबाइल उत्पादन तक हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये गए हैं। पहले भारत दवाओं और टीकों के लिए विदेशी कृपा पर निर्भर रहता था, जबकि केन्द्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने कोविड के दो स्वदेशी टीके न केवल विकसित किए बल्कि कई देशों को इन जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनाव में ’’टीम उत्तराखंड’’ के रूप में अपना हर सहयोग देने के लिए तत्पर रहना है। हमें केंद्र सरकार के कार्यों के साथ प्रदेश सरकार द्वारा विकास,सुशाशन, रोजगार तथा उत्तराखंड की विशिष्ट संस्कृति को बचाने के लिए किये जा रहे कार्यों के बारे में भी लोगों को जागरूक करना होगा। वर्तमान में उत्तराखंड की पाँचों लोकसभा सीटों पर हमारे सांसद हैं, 2024 के चुनावों में हमारा संकल्प इन पाँचों सीटों पर विजय प्राप्त करना ही नहीं है बल्कि पिछले सारे रिकार्ड तोड़ते हुए एक नए इतिहास की रचना करना भी है। हम सबके प्रिय नेता  नरेंद्र मोदी  तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनें इसके लिये हमें 2024 के इस पुण्य अभियान में अभी से पूर्ण मनोयोग के साथ जुट जाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड अब एक नए जोश और एक नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हम सभी को गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, वंचित, शोषित, आदिवासी, युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करने का “विकल्प रहित संकल्प“ लेना है। हमें बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री जी द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहना है तथा जब तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक नही पहुंच जाता तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे, आराम से नहीं बैठेंगे।भाजपा संयुक्त मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति“ की बैठक में राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार , प्रदेश महामंत्री संगठन अजय, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी , सुरेश भट ,कार्यालय प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी,, अनिल गोयल ,नेहा जोशी, मोर्चा अध्यक्ष आशा नौटियाल ,इंतजार हुसैन ,शशांक रावत, समीर आर्य राकेश गिरी , जोगेंदर सिंह पुंडीर ,प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, भाजपा  के सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और पदाधिकारी, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, राजेंद्र ढिल्लो व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button