उत्तरप्रदेशउत्तराखण्डदेहरादूनधर्म - संस्कृति

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का गोवर्धन मथुरा में हुआ  सम्मान, ब्रज की पावन भूमि पर स्वयं के सम्मान को बताया देवभूमि की सवा करोड़ जनता का सम्मान

कहा , ’भक्ति आंदोलन’ की विभिन्न धाराओं का संगम स्थल रहा है मथुरा
चारधाम यात्रा में 56 लाख यात्रियों का आना उत्तराखंड  के धार्मिक पर्यटन के लिये शुभ संकेत बताया 
मथुरा-देहरादून।मुख्यंमत्री पुष्कर सिंह धामी के सम्मान में शुक्रवार को गुरू कृपा अतिथि गृह गोवर्धन मथुरा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ब्रज भूमि और ब्रज के लोगों का आभार वक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हे जो सम्मान मिला है यह सिर्फ उनका सम्मान नहीं है बल्कि ब्रज की भूमि पर यह सम्मान देवभूमि की सवा करोड़ जनता का सम्मान है।
मुख्यंमत्री  धामी  ने भगवान श्री कृष्ण, राधा रानी और ब्रज के सभी संतों को नमन करते हुए कहा कि मथुरा ’भक्ति आंदोलन’ की विभिन्न धाराओं का संगम स्थल रहा है। आज इस भक्ति यज्ञ को भगवान श्री कृष्ण के आशीर्वाद से प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। यही नहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में देश पहली बार गुलामी की मानसिकता से बाहर आया है। आज भगवान राम का भव्य और दिव्य मंदिर बन रहा है, जिसके साक्षी हम सभी 22 जनवरी को बनेंगे। इस दिशा में प्रधानमंत्री शनिवार को अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तथा भव्य रेलवे स्टेशन के साथ ही अन्य कई योजनाओं का लोकार्पण करने वाले हैं। रामलला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे की कामना पूर्ण हो रही है। मुख्यमंत्री धामी  ने कहा कि मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है।
मुख्यमंत्री धामी  ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले न तो राम मंदिर बना पाते, न धारा 370 हटा पाते और न ही तीन तलाक हटा पाते। यह प्रधानमंत्री मोदी की ही क्षमता है जो बिना झुके, थके, व डिगे अपने कर्तव्यपथ पर आगे बढ़ते ही रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ही वे भी बिना थके, बिना डिगे उत्तराखण्ड की जनता की सेवा कर रहे हैं। उत्तराखंड में विगत ढाई वर्षों में अनेक ऐसे महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय हमने लिए हैं, जो विगत 23 वर्षों में संभव नहीं हो पाये थे।  मुख्यमंत्री धामी  ने कहा कि प्रधानमंत्री  मोदी के विजन के अनुरूप भव्यता के साथ श्री केदारनाथ मंदिर क्षेत्र का भव्य पुनर्निर्माण, श्री बदरीनाथ का मास्टर प्लान के तहत निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी  के हाल ही में 18 हजार फिट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश, पार्वती कुण्ड की यात्रा से भी उत्तराखण्ड की पहचान देश व दुनिया में बढ़ी है। इस वर्ष उत्तराखण्ड के चारधाम यात्रा में 56 लाख यात्री शामिल रहे। यह राज्य के धार्मिक पर्यटन के लिये निश्चित रूप से शुभ संकेत हैं।
इस अवसर पर विधायक गोवर्धन, मथुरा, मेघश्याम, प्रभारी भाजपा मथुरा, अशोक कटारिया, महानगर अध्यक्ष भाजपा घनश्याम लोदी, महानगर उपाध्यक्ष भाजपा श्याम सिंघल, अनेक जन प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button