उत्तराखण्डनैनीतालराजनीति

Loksabha Election 2024: हल्द्वानी में गरजे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,कहा – समस्याओं के लिए कांग्रेस जिम्मेदार ,विभाजन की त्रासदी, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार  सभी समस्याएं कांग्रेस की देन

यूपी और उत्तराखंड की वर्षों से लंबित समस्याओं का हल चुटकियों में कर  दिया
नैनीताल यूएस नगर ससंदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में किया जनसभा को संबोधित
कहा- समान नागरिक संहिता लागू होते ही कांग्रेस को होने लगी पीड़ा
हल्द्वानी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हल्द्वानी में हुई चुनावी जनसभा में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दूसरा नाम ही समस्या है। एक देश में दो प्रधान दो विधान की परंपरा की शुरूआत कांग्रेस ने ही की है। उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता लागू की तो कांग्रेस को पीड़ा होने लगी है। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नैनीताल यूएस नगर ससंदीय सीट से प्रत्याशी अजय भट्ट के समर्थन में एमबी इंटर कालेज के मैदान में आयोजित चुनाव जनसभा को संबोधित करने के लिए यहां पहुंचे थे। उन्होंने देवभूमि का नमन करते हुए कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें देवभूमि आने का अवसर प्राप्त हुआ। सीएम योगी ने कहा कि आज बैशाखी का भी पावन पर्व है। खालासा पंथ की स्थापना का भी दिवस है। उन्होंने खालसा पंथ की स्थापना दिवस पर सिख समाज के लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा उत्तराखंड देवभूमि के कण-कण में शंकर का वास है। उन्होंने कहा कि यूपी और उत्तराखंड की समस्याएं जो वर्षों से लंबित थी उनका हल चुटकियों में कर दिया गया। कहा, भाजपा समस्या नहीं, समाधान पर विश्वास करती है। समस्या का नाम कांग्रेस है। जीवनभर देश को समस्या दी। विभाजन की त्रासदी, नक्सलवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार आदि सभी समस्याएं कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा  कि आज वैश्विक मंच पर भारत का डंका बज रहा है। योगी ने कहा कि अयोध्या का विवाद कांग्रेस ने खड़ा किया था और हमने राम और कृष्ण की विरासत को स्वीकार किया और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ धाम को नई पहचान के साथ प्रस्तुत किया। यूपी में पहले बमबाजी होती थी। अब हर हर बम-बम के उद्घोष के साथ कावड़ यात्रा निकलती है। उन्होंने 19 अप्रैल को होने वाले मतदान में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि योगी ने यूपी में जो कार्य किए हैं, उनकी धमक देश दुनिया में हैं। आज सभी लोग उन्हें बुलडोजर बाबा के नाम से जानने लगे हैं। एक समय यूपी को बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। अब यूपी उत्तम प्रदेश और उत्कृष्ट प्रदेश बन गया है। सीएम धामी ने कहा कि इस बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी भी हमें करनी है। हमने समान नागरिक संहिता विधेयक पारित किया। नकल विरोधी कानून लागू किया, लैंड जिहाद के खिलाफ कार्यवाही की, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून हम लेकर आए हैं। दंगे में हुए नुकसान की भरपाई दंगा करने वाले भरेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button