उत्तराखण्डउधम सिंह नगरदेहरादून

वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का शरीर  पंच तत्व में विलीन,मुख्यमंत्री धामी ,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट, पूर्व राज्यपाल कोश्यारी सहित पक्ष विपक्ष के अनेक नेता अंतिम यात्रा में हुए शामिल

शुक्रवार की सुबह दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ली अंतिम सांस, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
काशीपुर / देहरादून : चंपावत के पूर्व विधायक और उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का शुक्रवार को इलाज के दौरान दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में निधन हो गया। कैलाश गहतोड़ी का पार्थिव शरीर देहरादून से काशीपुर उनके आवास पर पहुंचते ही उनके घर पर विपक्ष से लेकर सत्ता पक्ष के सभी जनप्रतिनिधियों का तांता लगा रहा।इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी समेत तमाम भाजपा नेता उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। ।आज सायं कुण्डेश्वरी रोड स्थित सांई मंदिर के पीछे उनका पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन कर दिया गया। उनके बड़े पुत्र शशांक गहतोड़ी, छोटे बेटे तनिष्क ने उन्हें मुखाग्नि दी। वह अपने पीछे अपनी मां नारायणी देवी, पत्नी शैलजा, दो पुत्र और पुत्री को छोड़ गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश स्तरीय व स्थानीय भाजपा व  कांग्रेस के नेताओं एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनके गिरीताल स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में कहा कि वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई कैलाश गहतोड़ी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश गहतोडी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूँ। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया, आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएँगे। ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे देहरादून से  गहतोड़ी का पार्थिव शरीर यहां आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में पहुंचकर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने वालों में महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, पूर्व सांसद बलराज पासी, अल्मोड़ा से सांसद प्रत्याशी अजय टम्टा, स्वामी यतीश्वरानंद महाराज, गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय,  रूद्रपुर विधायक शिव अरोरा, पूर्व विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंह, जसपुर विधायक आदेश चौहान, निवर्तमान मेयर ऊषा चौधरी, रूद्रपुर के निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, राजीव घई, राम मेहरोत्रा, दीपक बाली, खिलेन्द्र चौधरी, बीबी भट्ट, अभिषेक गोयल, गगन काम्बोज, रजत सिद्धू, बिट्टू राणा, जितेन्द्र हृड्डा, डॉ. गिरीश तिवारी, जिलाधिकारी उदयराज सिंह समेत तमाम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने कैलाश गहतोड़ी के निधन पर जताया शोक
  देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने उत्तराखण्ड वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं चम्पावत के पूर्व विधायक  कैलाश गहतोड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
लंबे समय से बीमार चल रहे थे गहतोडी
उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार की सुबह कैलाश गहतोड़ी का कैंसर की बीमारी से जूझते हुए देहरादून में निधन हो गया। वो साल 2017 और 2022 में सीमांत जिला मुख्यालय चंपावत से विधानसभा चुनाव जीते थे, जिसके बाद उन्होंने साल 2022 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट खाली की थी और  धामी ने उनकी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था।
गहतोड़ी के पैतृक गांव पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कैलाश गहतोड़ी के पैतृक गांव पहुंचे और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कैलाश गहतोड़ी हमारे दल के बहुत वरिष्ठ नेता थे, उनका बहुत बड़ा जनाधार था । उन्होंने कहा कि आज वह हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके विचार पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा मार्गदर्शन का काम करते रहेंगे। कैलाश गहतोड़ी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अपनी सीट छोड़ी थी, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button