उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में ऊन एक्सपो–राष्ट्रीय प्रदर्शनी का कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ, कहा- ऊन उद्योग आय का साधन व हमारी परंपरा, कौशल और संस्कृति का संवाहक 

कहा – वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में ऊन उद्योग को तकनीक आधारित और गुणवत्ता केंद्रित बनाना समय की आवश्यकता
देहरादून। प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को परेड ग्राउंड में आयोजित ऊन एक्सपो–राष्ट्रीय प्रदर्शनी का रिबन काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर ऊन उद्योग से जुड़े उत्पादों, नवाचारों और तकनीकों की जानकारी ली।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सभी प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उत्पादों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि कृषि, पशुपालन, ग्रामीण आजीविका, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऊन उत्पादन से पर्वतीय, मरुस्थलीय और ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों किसान, पशुपालक, कारीगर और महिलाएं प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई हैं। यह उद्योग आय का साधन होने के साथ-साथ हमारी परंपरा, कौशल और संस्कृति का संवाहक भी है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में ऊन उद्योग को तकनीक आधारित और गुणवत्ता केंद्रित बनाना समय की आवश्यकता है। इसके लिए उन्नत नस्ल विकास, वैज्ञानिक पशुपालन, ऊन की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग और मानकीकरण, आधुनिक मशीनरी, डिजाइन नवाचार तथा अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना आवश्यक है। सरकार इस दिशा में नीतिगत सहयोग, प्रशिक्षण कार्यक्रम और संस्थागत समर्थन लगातार प्रदान कर रही है।
जोशी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि किसान केवल उत्पादक न रहकर मूल्य श्रृंखला का सशक्त भागीदार बने। इसके लिए किसानों को सीधे बाजार से जोड़ना, मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करना तथा सहकारी संस्थाओं और एफपीओ के माध्यम से संगठित ढांचा विकसित करना प्राथमिकता है।
कैबिनेट मंत्री ने विश्वास जताया कि ऊन एक्सपो–राष्ट्रीय प्रदर्शनी देश के ऊन उद्योग को नई दिशा, नई गति और नई पहचान प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button