उत्तराखण्ड

मोदी ने कहा, कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त होने की वजह से विकास से कोसों दूर

पलायन रोकने पर रहा प्रधानमंत्री का जोर
अल्मोड़ा। विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अल्मोड़ा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि कांग्रेस की एक ही नीति रही है कि ‘सबमें डालो फूट-मिलकर करो लूट’। कांग्रेस सिर्फ और सिर्फ तुष्टिकरण की राजनीति करती है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त होने की वजह से विकास से कोसों दूर है और डबल ब्रेक सरकार है। पीएम ने कहा कि, पुरानी ब्रेक वाली सरकार को वापस नहीं आने देना है क्योंकि अगर वो आ गए तो समझ लेना उत्तराखंड में ब्रेक लग गया। ये लोग ‘उत्तराखंडियत’ की बात करने वाले लोग नहीं, ये खंड-खंड करने वाले, तोड़ने वाले लोग हैं।
कुमाऊं के कुलदेवता गोल्ज्यू महाराज, भगवान बागनाथ और मां नंदा के अभिवादन से संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड के कितना लगाव है ये इसी बात से पता चलता है कि उनकी ओर से कोई यहां वोट मांगने तक नहीं आ रहा केवल एक परिवार के भाई-बहन यहां वोट मांगते नजर आ रहे हैं क्योंकि ये लोग प्रदेश या देश की नहीं केवल परिवार की सोचते हैं। पीएम ने अपने भाषण में सबसे ज्यादा पलायन के मुद्दे पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि, पिछली सरकारों में, यहां तक कि उत्तर प्रदेश का हिस्सा होने के समय से पलायन उत्तराखंड का एक मुख्य मुद्दा रहा है, लेकिन ये वर्तमान चुनाव पलायन को पलटने वाला और पर्यटन को बढ़ाने वाला चुनाव है। पीएम ने कहा कि, प्रदेश की जनता को तय करना है कि इस चुनाव में पर्यटन को बढ़ावा देने वाले लोग चाहिए या पलायन को बढ़ावा देने वाले लोग। पीएम ने कहा कि, भाजपा पर्यटन, प्रगति, प्रकृति और रोजगार के लिए काम करने वाली सरकार है। पीएम ने कहा कि, अब यहां से जाएंगे नहीं बल्कि लोगों को यहां बुलाएंगे और यहां की प्रकृति के दर्शन कराएंगे। भाजपा के कमल और उत्तराखंड के ब्रह्मकमल का अटूट नाता है और इसलिए डबल इंजन की सरकार गरीब का दर्द समझती है। उसकी दिक्कतों को दूर करने के लिए दिन रात काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन पर भरोसा दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्वतमाला योजना से उत्तराखण्ड को लाभ होगा। पीएम ने कहा कि कटारमल सूर्य मंदिर को पहचान मिलेगी। कहा कि अब जल्द से जल्द उत्तराखंड के घरों को नल से जल योजना से जोड़ दिया जाएगा। मंच पर पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी, चुनाव सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी, सांसद अजय टम्टा, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, कार्यक्रम सह संयोजक केदार जोशी, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, महेश नेगी, रेखा आर्य, मोहन सिंह मेहरा, कैलाश शर्मा, महेश जीना, प्रमोद नैनवाल और अनिल शाही सहित मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button