सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी खबर फैलाने वालों के खिलाफ एक्शन मोड में पुलिस, मुख्यमंत्री बदलने की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा

अफवाहों से आपदा राहत और सरकारी कामकाज पर पड़ रहा असर,
सोशल मीडिया के कालनेमियों पर उत्तराखंड पुलिस की पैनी नजर
देहरादून।प्रदेश में आपदा राहत कार्यों के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठी सूचनाएं प्रसारित कर जनमानस को गुमराह करने वाले तत्वों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार को देहरादून पुलिस ने तीन फेसबुक पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। यह कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष देहरादून सिद्धार्थ अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत शिकायत पत्र के आधार पर की गई है।
आपदा प्रभावित क्षेत्र और असर
प्रदेश के बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपद इन दिनों आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हैं। ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री बदलने जैसी झूठी खबरें फैलाना न केवल राहत एवं बचाव कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करता है, बल्कि सरकारी कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है।
पुलिस की जांच और कार्रवाई
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि फेसबुक पेज “आई लव माय उत्तराखंड संस्कृति” उत्तराखण्ड वाले और *जनता जन आंदोलन इरिटेड* से मुख्यमंत्री परिवर्तन संबंधी झूठी व भ्रामक पोस्ट प्रसारित की गई थीं। इस आधार पर तीनों पेज संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस ने की अपील
उत्तराखण्ड पुलिस आमजन से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना का प्रसार करने से बचें।
सोशल मीडिया के कालमियों को भी स्पष्ट चेतावनी दी जाती है कि अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक पोस्ट करने पर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया की निरंतर निगरानी कर रही है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष ने एसएसपी को सौंपा ज्ञापन, झूठी और भ्रामक खबरें फैलाने
वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
देहरादून।भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने मांग की कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब , फेसबुक ,और इंस्टाग्राम पर अफ़वाहें, भ्रामक जानकारी एवं समाज विरोधी संदेश फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
अग्रवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की झूठी और भ्रामक खबरें समाज में असंतोष और भ्रम की स्थिति पैदा कर रही हैं, जिससे शांति-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे तत्वों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और आवश्यकतानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कदम उठाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा जनता का भरोसा मजबूत होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि ऐसे आसामाजिक तत्वों पर सोशल मीडिया के कालनेमियों पर अति शीघ्र कार्यवाही की जाएगी।
ज्ञापन देने वालों में राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल , भगवत प्रसाद मकवाना, श्रीमती विनोद उनियाल शादाब शम्स, संदीप मुखर्जी ,उमा नरेश तिवारी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, अनूप गोयल ,अंकुर जैन, वैभव अग्रवाल, जयपाल बाल्मीकि, राहुल पंवार ,मोहित शर्मा आदि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





