ब्लैक संडे : आशारोड़ी चेकपोस्ट पर ट्रोला से टकराई कार, भीषण हादसे में हरियाणा के 4 लोगों की मौत,1 घायल

कलेमेंटाउन थाना क्षेत्र के आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास हुआ बड़ा सड़क हादसा, हरियाणा के रहने वाले थे सभी कार सवार
देहरादून। शहर के एंट्री पॉइंट आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार से आ रही एक कार सामने चल रहे ट्रोला से टकरा गई , जिससे इस भीषण हादसे में हरियाणा के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार आशारोडी के पास सीमेंट का एक ट्राला जा रहा था, उसके पीछे चल रही कार उससे इतनी जोरदार तरीके से टकरा गई कि कार के परखच्चे उड गये और उसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस ने कार में सवार लोगों को उससे बाहर निकालने के लिए एक बडा ऑपरेशन चलाया और कार के दरवाजे को तोडा और उसमें सवार पांच लोगों को बाहर निकाला तो पुलिस यह देखकर हैरान रह गई कि उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने आनन-फानन में दून अस्पताल इलाज के लिए भिजवाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ट्रोले के चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दी है। उसके बाद उनके शवों का पंचनामा भरा ।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग तीन बजकर दस मिनट पर मारुति रिट्ज कार सफेद रंग वाहन संख्या एचआर 42इ – 2701 , जो सहारनपुर की ओर से देहरादून आ रही थी और इस कार के आगे सीमेंट से भरा एक ट्राला वाहन संख्या एचआर 63 एफ 5353 चल रहा था। पुलिस के अनुसार जैसे ही सीमेंट से भरा ट्राला आशारोड़ी के पास पहुंचा तो पीछे चल रही कार में सवार ड्राईवर ने सीमेंट के ट्राले में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड गये और वहां हाहाकार मच गया। आशारोडी चैक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अपने आला अधिकारियों को दी जिसके बाद वहां बचाव व राहत के लिए पुलिस की टीमें पहुंची। पुलिस ने जब कार का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बुरी तरह से फसा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने किसी तरह कार के दरवाजे को तोडा और उसमें फंसे पांचों युवकों को बाहर निकाला गया। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार में सवार सोनीपथ हरियाणा निवासी अंकुश, पारस, अंकित और नवीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी, जबकि इस दुर्घटना में विनय नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल था, जिसे पुलिस ने आनन-फानन में दून अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया।
पुलिस कप्तान अजय सिंह ने बताया कि वाहन संख्या एचआर 63 एफ -5353 ट्रोला के चालक आफताब को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रोले का चालक सहारनपुर देहात कोतवाली का रहने वाला है और उससे इस दुर्घटना की सारी सच्चाई पता करने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।
कार हादसे के मृतक और घायल
इस सड़क हादसे में कार सवार अंकुश पुत्र अजीत निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत,पारस पुत्र जयकरण निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत, नवीन पुत्र नरेश निवासी खेड़ी तहसील रोहतक व अंकित पुत्र राजेश निवासी मेरिडा, तहसील जुलाना, जिला जींद, हरियाणा की दर्दनाक मौत हो गई तो वही विनय पुत्र विजय निवासी पुरखास धीरन जिला सोनीपत हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गया।





