अच्छी पहल: आईजी गढ़वाल मंडल राजीव स्वरूप ने किया अभियान का आगाज – तीर्थ यात्रियों के लिए पर्यावरण अनुकूल कार ट्रैश बिन बैग बांटे

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं जानकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी का प्रयास
देहरादून।उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहयोग से जानकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी ने एक अनूठी पहल शुरू की है। इस पहल के तहत केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम आने वाले पर्यटकों को मुफ्त में पर्यावरण-अनुकूल कार ट्रैश बिन बैग वितरित किए जाएंगे। जिसके तहत रविवार को आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने अभियान का शुभारंभ करते हुए ट्रैश बिन बैग वितरित किए । इस अवसर पर सोसाइटी की अध्यक्ष कविता चतुर्वेदी एवं पूर्व राज्यमंत्री सारिका प्रधान भी शामिल रहीं। यह पहल राज्य के पवित्र पहाड़ी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इन बैगों के माध्यम से भारी मात्रा में कचरे का प्रबंधन करना संभव होगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस मुहिम को उत्तराखंड पुलिस का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। इस पहल में यूपीईएस इंटर्नस ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पर्यावरण सुरक्षा के लिए शुरू की गई इस मुहिम का शुभारंभ रविवार को कुठाल गेट क्षेत्र में पर्यटकों, तीर्थ यात्रियों और स्थानीय यात्रियों को कार ट्रैश बिन बैग के वितरण से हुई। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बैग वितरण करके इस अभियान की शुरुआत की है।आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने इस पहल की सराहना करते हुए सभी से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होने यात्रा मार्ग पर कूड़ा कचरा न फेंकने और प्लास्टिक का इस्तेमाल ना करने का भी आह्वान किया।
कार ट्रैश बिन बैग की विशेषताएं
पर्यावरण अनुकूल बैग: यह बैग ऐसे विशेष सामग्री से बने हैं, जो प्रकृति के लिए नुकसानदायक नहीं है। स्थानीय महिलाओं का योगदान: इन बैगों का निर्माण उत्तराखंड की वंचित महिलाओं द्वारा किया गया है, जो उनके लिए आजीविका का एक साधन है। मुफ्त वितरण: ये बैग राज्य में आने वाले पर्यटकों को बिना किसी शुल्क के वितरित किए जाएंगे। स्वच्छता और सुरक्षा: यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी, बल्कि पहाड़ी क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने में भी सहायक होगी।





