उत्तराखण्डदेहरादून

नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल ने डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन वाहनों के नियमित रख-रखाव  में लापरवाही की शिकायतों के बाद किया निगम वर्कशॉप का औचक निरीक्षण

सभी कचरा संग्रहण वाहनों की समयबद्ध मरम्मत के दिए निर्देश
देहरादून। नगर निगम देहरादून की नगर आयुक्त  नमामि बंसल ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के नियमित रख-रखाव  में लापरवाही की शिकायतों के मद्देनज़र मयूर विहार स्थित नगर निगम वर्कशॉप का औचक निरीक्षण किया ।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नमामि बंसल ने वर्कशॉप में तैनात कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और स्पष्ट रूप से आदेशित किया कि तीन दिनों के भीतर सभी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की मरम्मत और रख-रखाव कार्य पूरा किया जाए।

इसके अतिरिक्त, जो वाहन तीन दिनों के भीतर वर्कशॉप में ठीक नहीं किए जा सकते, उनकी अलग से रिपोर्ट तैयार कर संबंधित कंपनियों को भेजने के निर्देश दिए गए, ताकि उन्हें तत्काल ठीक करवाकर सेवा में पुनः लगाया जा सके।
नगर आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा में किसी प्रकार की बाधा या विलंब स्वीकार्य नहीं होगा, और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर उत्तरदायित्व तय किया जाएगा।
नगर निगम देहरादून का यह प्रयास शहरवासियों को निर्बाध और सुचारु स्वच्छता सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।निरीक्षण के दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक विश्वनाथ सिंह चौहान, हेड फीटर पुरुषोत्तम जोशी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button