सीएमओ देहरादून कार्यालय में स्वास्थ्य मंत्री डॉ रावत ने किया प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस का वितरण

मुख्य चिकित्स अधिकारी कार्यालय देहरादून में हुआ गैर संचारी रोग कार्यक्रम आयोजित,
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात 40 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को दी गई डिवाइस
देहरादून । राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने मुख्य चिकित्स अधिकारी कार्यालय देहरादून में गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस का वितरण किया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत यह डिवाईस आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात 40 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को वितरित किये गये। वितरण के साथ-साथ सभी सीएचओ को इस संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार समुदाय स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर तकनीक और नवाचार की मदद ले रही है। इसी कड़ी में समस्त सीएचओ को पीओसीटी डिवाइस दिये जा रहे हैं। इनकी मदद से 28 से अधिक स्वास्थ्य संबंधी जांच घर-घर जाकर की जा सकेंगी। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के लिए समय-समय पर अधिकारी निरंतर मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं की सफलता लाभार्थियों की संतुष्टि पर निर्भर करेगी। उन्होंने चिकित्सालयों में रेफरेल की परम्परा पर अंकुश लगाने तथा रेफरल के संबंध में स्पष्ट एसओपी जारी करने के लिए निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को निर्देश दिये।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक राज्य में वृहद रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। जिसमें रक्तदाताओं द्वारा रक्तदान के साथ-साथ पंजीकरण भी किया जायेगा। साथ ही पंचायत स्तर पर वृहद स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जायेगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार शर्मा ने जनपद में आयुष्मान अरोग्य मंदिर में दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा जांच सेवाओं का विवरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर निदेशक, चि.स्वा.प.क. डॉ शिखा जंगपांगी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वंदना सेमवाल, डॉ निधि रावत, डॉ विमलेश जोशी, डॉ प्रदीप राणा, डॉ दिनेश चौहान, डॉ कैलाश गुंज्याल, डॉ राजीव दीक्षित, डॉ आनंद शुक्ला, डीटीओ डॉ मनोज वर्मा सहित मुख्य प्रशासनिक अधिकारी नवीन जोशी, प्रशासनिक अधिकारी कांति शर्मा, फार्मेसी अधिकारी सुधा कुकरेती, डीपीएम लक्ष्मण सिंह रावत, सीपीएचसी कंसल्टेंट मनोज खण्डूडी़, लेखा प्रबंधक विवेक गुसाईं, स्पेशियलिटी फार्मा से वैभव गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
क्या है प्वाइंट ऑफ केयर टेस्टिंग डिवाइस
इस डिवाइस की मदद से ऑन द स्पॉट 28 से अधिक विभिन्न स्वास्थ्य जांच की जा सकती है। इस उपकरण से किये जाने वाले टेस्ट का परिणाम 2 से 5 मिनट में प्राप्त हो जाता है। इससे ग्लूकोज, कोलेस्ट्रॉल, हीमोग्लोबिन, वाईटल्स, ईसीजी, यूरिक एसिड तथा अन्य रैपिड टेस्ट सहित 28 से अधिक टेस्ट किये जा सकते हैं। इस उपकरण के माध्यम से जनपद के दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत लोगों तक भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच सेवाओं का लाभ पहुंच पायेगा।





