उत्तराखंड में बड़ा हादसा – जनपद टिहरी के चंबा-कोटी मार्ग पर वाहन खाई में गिरा, आठ की मौत मैक्स में सवार दो लोग घायल, सीएम धामी ने सड़क हादसे पर जताया गहरा दुख

एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया
नई टिहरीः जनपद टिहरी के चंबा-कोटी मार्ग पर नैल के समीप मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें आठ लोगों की मौत व दो घायल हो गए ।
जानकारी के अनुसार गुरूवार दोपहर करीब तीन बजे ऋषिकेश से घनसाली जा रही मैक्स वाहन नैल गांव के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें आशालाल 40 पुत्र असाडू निवासी ग्राम ठेला घनसाली, विजयलाल 36 पुत्र भुरखिलिया निवासी ग्राम ठेला, प्रेमलाल 60 पुत्र संतुलाल निवासी ग्राम चकरेडा घनसाली, महावीर 60 पुत्र विशुलाल निवासी ग्राम चकरेडा घनसाली, चालक शिव सिंह 35 पुत्र पुष्कर सिंह निवासी ग्राम होल्टा घनसाली, सेहतलाल 65 पुत्र गोपाल निवासी ग्राम चकरेडा घनसाली, लक्ष्मण सिंह 33 पुत्र मुरखिलिया निवासी ग्राम चांजी घनसाली की की मौत हो गई जबकि एक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। घायलों में अंकित 18 पुत्र आशालाल निवासी ग्राम ठेला व उत्तम कुमार 36 पुत्र पुशु निवासी ग्राम बडियारगढ घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल नई टिहरी में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटनास्थल पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, एसएसपी श्वेता चौबे उपस्थित रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। प्रशासन द्वारा घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। सीएम धामी ने सड़क हादसे पर जताया गहरा दुख
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।





