उत्तराखण्डदेहरादून

नगर आयुक्त नमामि बंसल ने  निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण – कहा -मोथरोवाला में विकसित हो रहा अत्याधुनिक पार्क शीघ्र होगा जनसामान्य को समर्पित

नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगा पार्क
देहरादून । नगर आयुक्त नमामि बंसल ने  मोथरोवाला स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नमामि बंसल ने पार्क में चल रहे निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों का गहनता से अवलोकन करते हुए कार्यों की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती, स्वच्छता व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि पार्क के शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही एक सुंदर, स्वच्छ एवं आधुनिक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जा सके।
नगर आयुक्त  ने निरीक्षण के दौरान बताया कि पार्क का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है तथा अंतिम चरण के सौन्दर्यीकरण एवं फिनिशिंग कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सभी कार्य पूर्ण होते ही इस पार्क को जनसामान्य के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल क्षेत्र के सौन्दर्य में वृद्धि करेगा, बल्कि नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगा।
नगर आयुक्त नमामि बंसल ने कहा कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मोथरोवाला में विकसित हो रहा यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए मनोरंजन, स्वास्थ्य, योग एवं सामाजिक गतिविधियों का एक उत्कृष्ट केंद्र बनेगा तथा शहर के समग्र सौन्दर्य एवं हरित क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा। 
पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया पार्क
लगभग 6000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे इस आधुनिक पार्क को पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए डिज़ाइन किया गया है। पार्क में हरित क्षेत्र (ग्रीन स्पेस डेवलपमेंट) को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे नागरिकों को प्राकृतिक एवं शांत वातावरण प्राप्त हो सके। इसके अतिरिक्त नागरिकों के मॉर्निंग एवं ईवनिंग वॉक के लिए आकर्षक एवं सुरक्षित वाॅकिंग ट्रैक तैयार किया गया है।
पार्क में आगंतुकों के बैठने एवं विश्राम के लिए आकर्षक गजिबो का निर्माण किया गया है, वहीं योग एवं ध्यान जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से योगा शेड एवं मेडिटेशन ज़ोन भी विकसित किए गए हैं। पार्क के मध्य विकसित की जा रही सुंदर वाॅटर बाॅडी इसकी आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी, जो पार्क की सुंदरता में चार चांद लगाएगी।
इसके साथ ही पार्क परिसर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को क्योस्क एवं आधुनिक स्मार्ट शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। पार्क में आने वाले नागरिकों एवं बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विशेष पार्किंग स्थल विकसित किया गया है, जिससे आगंतुकों को यातायात एवं पार्किंग संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button