लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दौरे से पहले उत्तराखंड पहुंचीं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर किया मंथन

कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण ,
कहा – 2027 के विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे राहुल गांधी
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 4 और 5 जून के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा रविवार को देहरादून पहुंचीं। उनके साथ सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया।
कुमारी शैलजा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 2027 के विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। यही वजह है कि उन्होंने चुनाव से काफी पहले उत्तराखंड के लिए दो दिन का समय निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। वहीं, 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व सांसदों, विधायकों, जिला व नगर अध्यक्षों तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए कुमारी शैलजा ने राज्य सरकार और भाजपा संगठन में आपसी तालमेल की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता, विधायक और मंत्री आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं तथा जनता सरकार के कामकाज से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस माहौल को परिवर्तन के अवसर के रूप में लेने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी अपनी अल्मोड़ा जनसभा में बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनसरोकारों के मुद्दों की अनदेखी कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी का दौरा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के साथ संवाद से कांग्रेस को समाज के इस वर्ग के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बैठक को चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया।
बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद मैथानी, नव प्रभात, हीरा सिंह बिष्ट, राजेंद्र भंडारी, सूर्यकांत धस्माना, आर्येंद्र शर्मा, विजय सारस्वत, धीरेंद्र प्रताप, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक अध्यक्ष राम रतन सिंह नेगी, राजीव महर्षि, गरिमा मेहरा दसोनी, शीशपाल सिंह बिष्ट, डॉ. प्रतिमा सिंह, सुजाता पॉल, सूरत सिंह नेगी, महेंद्र सिंह नेगी गुरुजी, राजेश चमोली, संजय जैन, लालचन्द शर्मा, अमरजीत सिंह, विकास नेगी, सुरेन्द्र सिंह रांगड, दीप बोहरा, ताहिर अली, जगदीश धीमान, याकूब सिद्वीकी, संदीप चमोली, राजीव कुमार, मदनलाल, जसविंदर सिंह गोगी, संजय किशोर, मोहित उनियाल, यामीन अंसारी, सुलेमान अली, परिणीता बडोनी, सुनीता प्रकाश, नजमा खान, प्रशान्त खण्डूरी व हेमा पुरोहित आदि मौजूद रहे।





