उत्तराखण्डचमोली

हेमकुंड यात्रा से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में  विवाद के बाद हुई मारपीट, कई घायल, चार गिरफ्तार

घटना के बाद क्षेत्र में पैदा हुई तनाव की स्थिति , बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात रहा प्रभावित 
चमोली। जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार सुबह हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब पांच घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, कर्णप्रयाग बाजार में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे 5-6 बाइक सवारों के जत्थे की एक बाइक सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। इसके बाद बाइक सवार और कार स्वामी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद और बढ़ गया।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़कर हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें हथियारों का भी इस्तेमाल हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ निहंग श्रद्धालु तलवार और अन्य धारदार हथियार लेकर लोगों से भिड़ गए।
घटना में चार लोग घायल हुए, जिनमें एक होटल व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर घायल को हेलीकॉप्टर के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।
घटना के विरोध में व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे बद्रीनाथ धाम जाने और लौटने वाले सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रहे। जाम के कारण यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत की। प्रशासन की समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की तैनाती की गई। कर्णप्रयाग, गौचर और आसपास के क्षेत्रों की पुलिस को भी अलर्ट पर रखा गया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button