वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट पंचतत्व में विलीन , राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, सीएम पुष्कर धामी ने दी श्रद्धांजलि

शनिवार देर रात हृदय गति रुकने से हुआ निधन
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत पक्ष-विपक्ष के नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
देहरादून। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट रविवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार देर रात हृदय गति रुकने से 81 वर्ष की आयु में उनका निधन होम गया। उनके निधन से उत्तराखंड की राजनीति, श्रमिक संगठनों और सामाजिक क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में पक्ष और विपक्ष के नेताओं, राज्य आंदोलनकारियों, श्रमिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा हजारों समर्थकों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि उनके सेवक आश्रम रोड स्थित आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री धामी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को उनके निजी आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना की है।
मुख्यमंत्री धामी ने रविवार को डी.एल रोड, देहरादून स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. हीरा सिंह बिष्ट के निजी आवास पहुँचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया।





