उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में दिल दहला देने वाली घटना – बरसाती नाले में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, घर में मचा कोहराम

क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में हुई घटना
देहरादून।क्लेमेंटटाउन क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरसाती नाले के तेज बहाव में बहने से दो सगी मासूम बहनों की मौत हो गई। दोनों बच्चियां नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गई थीं। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर  निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नई बस्ती इलाके में हुई इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई । पुलिस के अनुसार घटना गुरुवार दोपहर बाद की है। मूल रूप से जिला खगड़िया (बिहार) के रहने वाले रुदल सदा और उनकी पत्नी रीना कुमारी नई बस्ती, क्लेमेंट टाउन में किराए पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
मृतक बच्चियों की मां रीना कुमारी ने पुलिस को बताया कि उनकी 7 वर्षीय बेटी लक्ष्मी कुमारी और 3 वर्षीय छोटी बेटी सोनाक्षी कुमारी दोपहर बाद  घर के बाहर बह रहे बरसाती नाले के पास चली गई थीं। अंदेशा जताया जा रहा है कि वे वहां नहाने के लिए उतरी थीं, तभी अचानक नाले में तेज पानी आने के कारण दोनों बह गईं और आगे चलकर नाले के ऊपर बने एक कंक्रीट के रैंप के नीचे फंस गईं।
काफी देर तक जब बच्चियां नहीं दिखीं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कुछ समय बाद बड़ी बेटी लक्ष्मी के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
तत्काल स्थानीय निवासी राजेश मित्तल द्वारा थाने पर घटना की सूचना दी गई। इस बीच, आसपास के लोगों ने भारी मशक्कत कर दोनों बच्चियों को रैंप के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी में डूबने और दम घुटने से दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष क्लेमेंट टाउन पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस का यही मानना है कि बच्चियों की मौत नाले के तेज बहाव में बहने और रैंप के नीचे फंसकर डूबने से हुई है।मासूम बच्चियों की दुखद मौत से मां रीना कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय बच्चियों के पिता रुदल सदा किसी कार्य से अपने पैतृक गांव बिहार गए हुए हैं, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों बच्चियों की मौत नाले के तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंसने और डूबने से होना सामने आया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button