उत्तराखण्डदेहरादून

उत्तराखंड के कई जनपदों में भारी बारिश का अलर्ट,  तीन जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी, देहरादून में कल बंद रहेंगे सभी स्कूल

बागेश्वर, चमोली, पौड़ी में भी बारिश को देखते हुए 
स्कूलों में रहेगा अवकाश,  शासन प्रशासन हाई अलर्ट पर
देहरादून।उत्तराखंड में फिलहाल लोगों को बारिश के राहत मिलती हुई नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग के  अनुसार प्रदेश के अधिकांश जिलों में गुरुवार 6 अगस्त को भी भारी बारिश देखने को मिलेगी। भारी बारिश के आसार को देखते हुए बागेश्वर, चमोली, पौड़ी और देहरादून जिले में कक्षा एक से 12वीं तक और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने गुरुवार को उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई गई है, जबकि कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के अत्यंत तीव्र दौर आने की भी आशंका है। इन तीन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से परहेज करने की अपील की गई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि  6 अगस्त को भी अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि 7 और 8 अगस्त को भी प्रदेश में हल्की बारिश के आसार बने हुए हैं।
वहीं, 5 अगस्त रात से बारिश ने थोड़ी तीव्रता देखने को मिलेगा, जो 6 अगस्त तक जारी रहेगी। देहरादून, बागेश्वर और चमोली में भारी से बहुत बारिश हो सकती है। इसीलिए इन जिलों को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। वहीं, बाकी के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस तरह देखा जाए तो आज रात  से प्रदेश में बारिश की एक्टिविटी बढ़ने की संभावना है।भारी बारिश की आशंका को देखते हुए शासन-प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर है।
आपदा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से ही एसडीआरएफ समेत अन्य रेस्क्यू टीमों को तैनात किया हुआ है। बारिश के दौरान सबसे ज्यादा खतरा लैंडस्लाइड का होता है। लैंडस्लाइड की वजह से रास्ते बंद हो जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button