उत्तराखण्डकृषिदेहरादून

कृषि मंत्री  जोशी ने उत्कृष्ट किसानों को किया सम्मानित, बोले—आधुनिक खेती से आत्मनिर्भर बन रहे  किसान

कृषि मंत्री ने कहा- किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित दिल्ली प्रेस समूह के फार्म एण्ड फूड कृषि सम्मान पुरस्कार–2026 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को कृषि सम्मान पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री  जोशी ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां सीमा पर तैनात जवानों की चिंता करते हैं, वहीं किसानों के कल्याण के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उर्वरकों की खपत कम करने के उद्देश्य से राज्य में जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट, कीवी और सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य के किसान नई तकनीकों को अपनाकर खेती में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, कृषि यंत्रों के लिए फार्म मशीनरी बैंक, बागवानी, पॉलीहाउस, आधुनिक कृषि तकनीक, मुफ्त सिंचाई सुविधा तथा गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, कृषि को आधुनिक बनाना तथा फल, सब्जी, अनाज, फूल एवं विशेष फसलों के उत्पादन में किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर दिल्ली प्रेस समूह के मुख्य संपादक परेश नाथ, कार्यकारी प्रकाशक अनंत नाथ, श्रुति जोशी, विभागीय अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button