रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे से केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर – टाटा सूमो की टक्कर से जिला पंचायत सदस्य के पति की मौत

जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पाण के पति और पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष थे डॉ. कैलाश पुष्पाण
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ऊखीमठ क्षेत्र में भी मातम का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. पुष्पाण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉ. कैलाश पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। सेवाभाव और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने के कारण उन्होंने लोगों के बीच विशेष पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र ने एक सरल, संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहीं डॉ. पुष्पाण के निधन के शोक में ऊखीमठ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। घटना के बाद क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद टाटा सूमो चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ऊखीमठ पुलिस प्रशासन के अनुसार मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
डॉ. कैलाश पुष्पाण के निधन से परिवार के साथ-साथ होटल व्यवसाय, सामाजिक क्षेत्र और केदारघाटी में शोक की लहर है। लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उनके निधन पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल, पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत सहित अन्य लोगों शोक व्यक्त किया है।




