उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

कैबिनेट मंत्री जोशी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत मसूरी में जरूरतमंदों को वितरित किए कंबल, कहा – सेवा भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन की मूल भावना 

भाजपा मसूरी मंडल ने सेवा सेतु कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित किया कार्यक्रम
मसूरी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को सामाजिक भागीदारी से जोड़ते हुए जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है। इसी भावना के अनुरूप भाजपा मसूरी मंडल द्वारा सेवा सेतु कार्यक्रम के माध्यम से पहाड़ों की रानी मसूरी में बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने उपस्थित होकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री  जोशी ने कहा कि सेवा भारतीय संस्कृति और सामाजिक जीवन की मूल भावना है। सेवा सप्ताह केवल किसी एक अवसर तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्गों के साथ खड़े होने, उनकी आवश्यकताओं को समझने और यथासंभव सहयोग करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी  के जन्मदिवस को सेवा गतिविधियों के माध्यम से मनाने की परंपरा का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री ने भी अपने जन्मदिवस पर प्राप्त शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए सेवा गतिविधियों में जुटे लोगों की सराहना की और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया है।
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि मसूरी जैसे पर्वतीय पर्यटन क्षेत्र में मौसम बदलने के साथ ठंड बढ़ जाती है। ऐसे में जरूरतमंद परिवारों और बुजुर्गों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल वितरण का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने भाजपा मसूरी मंडल के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सेवा कार्यों को व्यापक रूप दिया जा सकता है और समाज में परस्पर सहयोग एवं संवेदना की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मण्डल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, मोहन पेटवाल, राकेश रावत, सतीश ढ़ौड़ियाल, विजय रमोला, विजय बिंदवाल, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन पंवार, सहित भाजपा मसूरी मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button