उत्तराखण्डकृषिदेहरादून

कृषि मंत्री जोशी ने विकासनगर में किया रबी अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारम्भ

कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थियों को चेक , स्थानीय फसलों के पंजीकरण प्रमाणपत्र और किसानों को सब्जियों के बीज किए वितरित 
विकासनगर। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कृषि विज्ञान केंद्र, ढकरानी, विकासनगर में रबी अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। साथ ही स्थानीय फसलों के पंजीकरण प्रमाणपत्र वितरित किए और किसानों को सब्जियों के बीज भी प्रदान किए।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि कृषि भूमि का संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। ‘खेत बचाओ अभियान’ कृषि योग्य भूमि के संरक्षण, उसकी उत्पादकता बढ़ाने और किसानों को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों किसानों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि किसानों को परंपरागत फसलों के साथ-साथ मिलेट्स, कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे किसानों को अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने और कृषि को आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। पॉलीहाउस जैसी आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से कम भूमि में बेहतर उत्पादन और वर्षभर विभिन्न सब्जियों की खेती की संभावनाओं को भी बढ़ाया जा रहा है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना और उन्हें कृषि संबंधी नवीनतम जानकारियों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कृषि विज्ञान केंद्रों, कृषि विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती के तौर-तरीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे बेहतर निर्णय लेकर अपनी उपज और आय में वृद्धि कर सकें। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि भूमि के संरक्षण को एक सामूहिक अभियान के रूप में अपनाएं और आधुनिक तकनीकों के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग पर भी ध्यान दें। उन्होंने कहा कि किसान सशक्त होंगे तभी प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। ‘खेत बचाओ अभियान’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो कृषि भूमि के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि उत्तराखंड के सभी 95 विकासखंडों में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में 25 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस प्रकार प्रदेशभर में कुल 2,375 कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के लगभग 1.20 लाख किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर स्थानीय विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर नीरू देवी,निदेशक कृषि दिनेश कुमार, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल, रेशम निदेशक प्रदीप सिंह सहित कृषि वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button