नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने कहा – राहुल-अखिलेश को उत्तराखंड के स्वाभिमान से क्या परेशानी?: एक डोभाल पर हमलावर, दूसरा देवभूमि के अपमान में आगे

कहा – राहुल – अखिलेश में उत्तराखंड के सम्मान को ठेस पहुंचाने की होड़
देहरादून। नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी और उनके राजनीतिक गठबंधन के साथी अखिलेश यादव के बीच उत्तराखंड के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयान देने की होड़ लगी है। एक ओर राहुल गांधी देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को ‘विलेन’ बताकर देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्व पर राजनीतिक हमला करते हैं, तो दूसरी ओर अखिलेश यादव उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताकर पूरे देवभूमि की जनता का अपमान करते हैं। कांग्रेस और उसके सहयोगियों की राजनीति अब देश के सम्मानित व्यक्तित्वों और उत्तराखंड की अस्मिता पर हमला करने तक सिमट गई है।
भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी को देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के योगदान को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय देशहित को समझना चाहिए। वहीं अखिलेश यादव को यह समझना होगा कि उत्तराखंड के लोग किसी राजनीतिक दल की कृपा से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत, प्रतिभा, राष्ट्रसेवा और बलिदान के दम पर देशभर में सम्मान अर्जित करते हैं। जिस देवभूमि के वीर सपूत देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया बताना अखिलेश यादव की गैर-जिम्मेदाराना राजनीति और उत्तराखंड के प्रति उनके असम्मान को उजागर करता है।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और कांग्रेस नेतृत्व को अपने सहयोगी के बयान पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं को भी अपनी चुप्पी तोड़कर बताना चाहिए कि क्या उनके लिए प्रदेश का सम्मान सर्वोपरि है या गठबंधन की राजनीति। देवभूमि का अपमान करके कोई नेता अपनी राजनीति नहीं चमका सकता। उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट करने वालों को जनता के आक्रोश और लोकतांत्रिक जवाब का सामना करना पड़ेगा।





