उत्तराखण्ड

लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और लेखक दीवान सिंह बजेली को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में उपराष्ट्रपति नायडू ने किया पुरस्कार से सम्मानित
देहरादून। अपने गीतों में पहाड़ का हर रंग घोलने वाले सुर सम्राट नरेंद्र सिंह नेगी को शनिवार को नई दिल्ली में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नेगी के साथ लेखक दीवान सिंह बजेली का भी सम्मान हुआ। उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने दोनों को दिल्ली के विज्ञान भवन में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया। शनिवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में देशभर की 44 हस्तियों के साथ उत्तराखंड से लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को भी प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नरेंद्र सिंह नेगी को उत्तराखंड में लोक संगीत के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए वर्ष 2018 के पुरस्कार के लिए चुना गया था। नरेंद्र सिंह नेगी 12 अप्रैल को दिल्ली के मंडी हाउस में लोकगीतों की प्रस्तुति भी देंगे। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू भी मौजूद रहेंगे।

सीएम ने पुरस्कार मिलने पर दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी तथा अभिनय कला के क्षेत्र में योगदान के लिये दीवान सिंह बजेली को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संगीत नाट्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किये जाने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पारम्परिक लोक गीत के क्षेत्र में नरेन्द्र सिंह नेगी तथा अदाकारी के क्षेत्र में दीवान सिंह बजेली को दिया गया सम्मान प्रदेश का भी सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के लोक गीत संगीत एवं अभिनय कला को भी पहचान मिली है। ज्ञातव्य है कि लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी को पारंपरिक लोक गीत व संगीत के क्षेत्र में तथा दीवान सिंह बजेली को अभिनय कला में योगदान व छात्रवृति के क्षेत्र में यह पुरस्कार दिया गया है। नरेन्द्र सिंह नेगी पौड़ी गढ़वाल तथा दीवान सिंह बजेली सोमेश्वर अल्मोड़ा के मूल निवासी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button