झंडाजी मेला – पुष्प वर्षा के साथ नगर परिक्रमा में गूंजे , श्री गुरु राम राय महाराज के जयकारे, 25,000 संगतें हुई शामिल

ऐतिहासिक नगर परिक्रमा में दूनवासियों ने गुरु की संगत का किया जोरदार स्वागत,
श्री गुरु महाराज की प्यारी संगतों के साथ नगर परिक्रमा में शामिल हुए दूनवासी
देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज देहरादून के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा निकली। पच्चीस हज़ार से अधिक संगतें नगर परिक्रमा में शामिल हुईं। श्री दरबार साहिब से सुबह 7ः30 बजे नगर परिक्रमा शुरू हुई। जहां-जहां से नगर परिक्रमा निकली दूनवासियों ने तहेदिल से संगतों का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। नगर परिक्रमा के दौरान रास्ते भर दूनवासी श्री गुरु राम राय महाराज व श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारे लगाते रहे। सिद्धयोगी श्री गुरु राम राय महाराज के जन्मदिवस ( झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन) के तीसरे दिन आयोजित होने वाली ऐतिहासिक नगर परिक्रमा का स्वागत करने के लिए दूनवासी साल भर प्रतीक्षा करते हैं। नगर परिक्रमा के रूट पर हर जगह संगत का ज़ोरदार स्वागत किया गया। भजन कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं को श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने आशीर्वाद दिया। दूनवासियों ने ऐतिहासिक नगर परिक्रमा के रूट पर जगह जगह लंगर व खान-पान की समुचित व्यवस्था सहित आर्कषक स्वागत व्यवस्था की।
श्री दरबार साहिब परिसर से सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर ऐतिहासिक नगर परिक्रमा शुरू हुई। नगर परिक्रमा कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंची। यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया। यहां से नगर परिक्रमा तिलक रोड, टैगोर विला, घण्टाघर पर पहुंची। नगर परिक्रमा के घण्टाघर पहुंचने पर कुछ समय के लिए मानो सबकुछ थम सा गया। ढोल की थाप पर दूनवासियों ने पूरे स्नेहपूर्वक बाहें फैलाकर गुरु संगत का पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया। संगत श्री गुरु राम राय महाराज के जयकारे लगाती व दून के श्रद्धालु उन पर फूलों की बारिश कर देते। इस नज़ारे का साक्षी बनने के लिए हजारों की तादाद में श्ऱद्धालु घण्टाघर व आसपास के क्षेत्र में डटे रहे।
नगर परिक्रमा ने घण्टाघर से पल्टन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चैकी के सामने से होते हुए रीठा मण्डी में प्रवेश किया, यहां से नगर परिक्रमा में शामिल संगतें व दूनवासी श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बाॅम्बे बाग पहुंचे, यहां पर संगतों को गन्ने का प्रसाद बांटा गया। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगत शामिल रहीं। इसके बाद नगर परिक्रमा में शामिल संगतें समाधि स्थल श्रीमहंत साहिबान पर माथा टेकेने के लिए पहुंची। दोपहर 11ः45 बजे नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न हुई।
स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा नगर परिक्रमा के सम्पूर्ण रूट के दौरान शहर भर में भव्य स्वागत, लंगर व जलपान की व्यवस्था की गई। नगर परिक्रमा के दौरान शहर के कई गणमान्य व्यक्तियों, विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के विधायकों, पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर संगत का स्वागत किया।





