कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा – डॉ. श्यामा प्रसाद के दिखाए मार्ग पर चलकर देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में दें योगदान

कार्यक्रम में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रथम आगमन पर कैबिनेट मंत्री ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित व अभिनन्दन,
भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. मुखर्जी की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी, उत्तराखण्ड का दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट का प्रथम बार मसूरी विधानसभा क्षेत्र आगमन पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं अभिनन्दन किया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। देहरादून के न्यू कैंट रोड़ स्थित सालावाला में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहन आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस भाव के साथ शीर्ष नेतृत्व ने मुझे पुनः प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा। संगठन को और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनाने के लिए मैं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर प्रत्येक स्तर पर निरंतर कार्य करता रहूंगा। प्रदेश अध्यक्ष ने डॉ. मुखर्जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपने सम्बोधन में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इतिहास में शायद पहली बार ऐसा हुआ है ,जब प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए किसी ने नामांकन नहीं भरा। यह इस बात का प्रतीक है कि उनके प्रति शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का अपार विश्वास है। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट का संगठन के प्रति समर्पण, परिश्रम और त्याग ही है, जिसके चलते उन्हें दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि जब किसी को दोबारा इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है, तो यह उसकी कार्यकुशलता, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण होता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान को समर्पित था। उन्होंने कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और जीवनपर्यंत राष्ट्रहित के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि जिस जनसंघ की स्थापना डॉ. मुखर्जी ने की थी, उसी विचारधारा पर चलते हुए आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। जोशी ने उपस्थित जनों से आग्रह किया कि वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करें और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अंशुल चावला के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट को तलवार भेंट कर उनका अभिनन्दन किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, राज्यमंत्री कैलाश पंत, भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, राजीव गुरुंग, महानगर महामंत्री सुरेंद्र राणा, संध्या थापा, निरंजन डोभाल, आरएस परिहार, पूनम नौटियाल सहित पार्षद,
पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




