उत्तराखण्ड

उत्तराखंड के चमोली जनपद में दर्दनाक हादसा :  उर्गम घाटी में निर्माणाधीन मोटर मार्ग पर मैक्स हुई हादसे का शिकार, गहरी खाई में गिरने से 12 की मौत

  • वाहन के परखच्चे उड़े  , खाई अधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में आई  दिक्कतें

  • मुख्यमंत्री धामी ने सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया 

  • दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच व मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख  की सहायता देने को कहा  

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद्र अग्रवाल ने भी जताया दुख

चमोली। उत्तराखड के चमोली जिले की उर्गम घाटी में निर्माणाधीन उर्गम-पल्ला जखोला मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा हो गया। शुक्रवार शाम पल्ला गांव के पास एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया। खाई इतनी गहरी थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में वाहन सवार दो महिलाओं समेत 12 लोगों की मौत हुई है । मुख्यमंत्री धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।
रेस्क्यू टीम ने अभी तक दो महिलाओं और 10 पुरुषों के शव बरामद कर लिये हैं।  उत्तराखंड एसडीआरफ ने इसकी पुष्टि की है।
जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने बताया कि दुर्घटना स्थल पर अभी तक 12 लोगों के मृतक होने की जानकारी मिली है। पांच लोग घायल हैं, जिनमें से तीन लोगों को सड़क पर लाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में 17 लोग सवार थे। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्गम ले जाया गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही  जिलाधिकारी हिमांशु खुराना और पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
खाई अधिक गहरी होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। रेस्क्यू अभियान अभी भी जारी है। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव में सहयोग दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मैक्स वाहन जोशीमठ से सवारियों को लेकर किमाणा गांव जा रहा था। पल्ला गांव के समीप अपराह्न 3 बजे यह वाहन अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों को दुर्घटना की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। वहीं, ग्रामीणों द्वारा दुर्घटना का कारण वाहन का ओवर लोड होना बताया जा रहा है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के जोशीमठ तहसील अंतर्गत उर्गम-पल्ला जखोला मार्ग पर वाहन दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली से फोन पर बात कर तेजी से राहत व बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिये। साथ ही दुर्घटना में घायलों के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भी इस दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button