उत्तराखण्डखेलदेहरादून

MPS कॉलेज में 38वें राष्ट्रीय खेल ध्वज हस्तांतरण एवं 37वें राष्ट्रीय खेल गोवा-2023 में उत्तराखण्ड के पदक विजेता खिलाडियों का सम्मान समारोह : खेल मंत्री रेखा आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को सौंपा नेशनल गेम्स का फ्लैग, बोले,उत्तराखण्ड में अभूतपूर्व एवं गौरवशाली होगा आयोजन

37वें राष्ट्रीय खेल गोवा-2023 में उत्तराखण्ड के पदक विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
उत्तराखण्ड को 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन तथा राष्ट्रीय खेल ध्वज मिलने पर प्रदेशवासियों को दी बधाई
देहरादून। मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल ध्वज हस्तांतरण एवं 37वें राष्ट्रीय खेल गोवा-2023 में उत्तराखण्ड के पदक विजेता खिलाडियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने 38 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का फ्लैग मुख्यमंत्री पुष्कर  धामी को सौंप दिया।
मुख्यमंत्री  धामी ने उत्तराखण्ड को 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन तथा राष्ट्रीय खेल ध्वज मिलने पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी । देवभूमि को यह उपलब्धि प्रदान करने के लिए 37वें राष्ट्रीय खेलों के समापन अवसर पर ’’राष्ट्रीय खेल ध्वज’’ उपराष्ट्रपति द्वारा राज्य की खेल मंत्री  रेखा आर्या के नेतृत्व में गये प्रतिनिधि मण्डल को सौंपा गया था, जिसे आज राष्ट्रीय खेल सचिवालय, उत्तराखण्ड को सौंपा गया । उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखण्ड राज्य में आयोजित होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेल अभूतपूर्व एवं गौरवशाली होगें और निश्चित रूप से यह खेल राज्य को खेल भूमि के रूप में पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगें।
मुख्यमंत्री  धामी ने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति का निरन्तर प्रसार हो रहा है, जिसका प्रतिफल आज हम सबके समक्ष है। उत्तराखण्ड राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में निरन्तर बेहतर प्रदर्शन करते आ रहे हैं। गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड राज्य के खिलाड़ियों द्वारा 18 पदक प्राप्त किये गये थे जबकि इस वर्ष 37वें राष्ट्रीय खेलों में हमारे खिलाड़ियों ने 24 पदक अर्जित किये हैं।
मुख्यमंत्री धामी  ने कहा कि राज्य के खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में अपना वर्चस्व भी स्थापित करेंगे इसका उन्हें विश्वास है। उन्होंने कहा कि खेल से सद्भावना व आपसी एकता बढ़ती है। खिलाड़ियों में सिर्फ खेल की भावना होती है। वे जाति, धर्म व सीमा के बंधन से आजाद होते हैं। समाज के लोगों को खिलाड़ियों से सबक लेने की जरूरत है।इस अवसर पर रायपुर विधायक  उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव खेल  अमित सिन्हा, निदेशक खेल  जितेंद्र कुमार सोनकर, उत्तराखण्ड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव  डी. के. सिंह आदि उपस्थित थे।
कहा ,खेल और खिलाड़ियों  के प्रोत्साहन के लिए नई खेल नीति लाई गई
मुख्यमंत्री  धामी ने कहा कि खेल के मैदान में भी उत्तराखंड अग्रणी राज्य बने और इसी के तहत राज्य में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन  के लिए  ’’नई खेल नीति’’ लाई गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य के अन्तर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सेवायोजन प्रदान किये जाने की व्यवस्था की गयी है, जिसे लागू किये जाने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। राज्याधीन सेवाओं में सेवायोजन के लिए 4 प्रतिशत खेल कोटे को पुनः लागू किये जाने की कार्यवाही भी अंतिम चरण में है। उन्होंने खिलाडियों से अपेक्षा की कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ मेहनत करें, राज्य सरकार उनके साथ है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, देवभूमि को खेल भूमि बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध,
खेल विश्वविद्यालय के बन जाने से राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ 
देहरादून। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि 38 वे राष्ट्रीय खेलो की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गोवा राज्य ने 37 वे राष्ट्रीय खेलो को आयोजित किया, हम भी 38 वे राष्ट्रीय खेलो का आयोजन भव्य रुप से करेंगे। खेल मंत्री ने कहा कि आज खेल व खिलाड़ियो के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री धामी के कुशल नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य किये हैं।
खेल मंत्री ने कहा कि राज्य में खेल विश्वविद्यालय के लिए भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में घोषणा की जा चुकी है,निश्चित ही खेल विश्वविद्यालय के बन जाने से राज्य के खिलाड़ियो को लाभ मिलेगा।कहा कि 38 वे राष्ट्रीय खेलो के आयोजन तक हम खिलाड़ियो को सरकारी नौकरी में अवसर देने के लिए 4 प्रतिशत का आरक्षण लागू कर देंगे। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि हमारे प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री खेल औऱ खिलाड़ियो को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं जिस प्रकार हम प्रदेश को देवभूमि के नाम से जानते हैं हमारा प्रयास है कि हम इसे खेल भूमि के नाम से जाने, जिसके लिए सरकार व विभाग लगातार प्रयासरत है।खेल मंत्री  रेखा आर्या ने कहा कि राज्य में खेलों के विकास के लिए  मुख्यमंत्री बेहद गंभीर हैं। उनके द्वारा युवा खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के लिए  विभिन्न योजनाएं प्रारम्भ की गई हैं। खेल मंत्री ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्टस कॉलेज की स्थापना को संस्तुति प्रदान की गई है। खिलाडियों के भोजन भत्ते मेें भी एतिहासिक वृद्धि की गई है। उन्होंने खिलाडियों का आह्वान किया कि उत्तराखण्ड में होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button