उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

भाजपा  प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मिले पूर्व कैबिनेट मंत्री व  विधायक अरविंद पांडे, रखा अपना पक्ष

कहा -पार्टी का अनुशासित सिपाही, प्रदेश नेतृत्व के निर्देश का होगा पालन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने फिर कहा –
पार्टी फोरम के बाहर किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं होंगी
देहरादून । भाजपा प्रदेश नेतृत्व से मुलाकात कर  पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक  अरविंद पांडे ने अपना पक्ष रखा। जिसके बाद उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री धामी, मंत्री और अधिकारी सभी शानदार कार्य कर रहे हैं। वहीं प्रदेशाध्यक्ष ने भी पुनः दोहराया, पार्टी फोरम के बाहर किसी भी तरह की अनावश्यक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं होंगी।
उन्होंने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद  महेंद्र भट्ट एवं प्रदेश महामंत्री संगठन  अजेय कुमार से मुलाकात की। जिसके बाद मीडिया के सवालों का ज़बाब देते हुए कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी, मंत्री और सभी अधिकारी अच्छा कार्य कर रहे हैं। जहां तक एक दो छोटे अधिकारी गड़बड़ी की कोशिश कर रहे हैं, उनके बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। जिस पर शीघ्र कार्रवाई होगी और हम सब मिलकर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित उत्तराखंड बनाने की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।
पार्टी द्वारा दिए निर्देशों को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए  पांडे ने कहा  कि वह भाजपा के अनुशासित सिपाही हैं। लिहाजा प्रदेश नेतृत्व के जो भी निर्देश हैं उनका पालन किया जाएगा। वहीं उन्होंने स्वीकार किया कि हाल में उनके द्वारा भावावेश में मुद्दा उठाया गया। जिसमें विषय से अधिक मेरे भावों की अनावश्यक चर्चा हुई।
वही इस प्रकरण को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अरविंद पांडे के अतिरिक्त बिशन सिंह चुफाल से भी बातचीत हुई है। जिसमें सभी से उनका पक्ष समझा गया है और इस संबंध में पार्टी के आवश्यक निर्देश से उन्हें अवगत कराया गया है। वहीं उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि पार्टी फोरम या सरकार से बाहर मीडिया, सोशल मीडिया या अन्य सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक बयानबाजी स्वीकार्य नहीं होंगी। अगर कोई ऐसा करता है तो उसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button