Big News – उत्तराखंड पंचायत चुनाव: कल होगा पहले दौर का मतदान, 17,829 उम्मीदवारों की किस्मत होगी बैलट बॉक्स में कैद

राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन ने की सभी तैयारियां पूरी,
6049 पदों पर पहले चरण में मैदान में हैं 17,829 प्रत्याशी
पहले चरण में अपने पंचायत प्रतिनिधि चुनेंगे 26 लाख मतदाता
देहरादून। उत्तराखंड पंचायत चुनाव के पहले चरण में 24 जुलाई को सदस्य ग्राम पंचायत के 2247, प्रधान के 9731, सदस्य क्षेत्र पंचायत के 4980 और सदस्य जिला पंचायत के 871 प्रत्याशियों का चुनाव होगा।उत्तराखंड के 12 जिलों में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को होगा। 26 लाख से अधिक मतदाता 17,829 प्रत्याशियों के भाग्य को फैसला करेंगे।राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां बुधवार की देर शाम तक गंतव्य पर पहुंच गईं। गढ़वाल मंडल के छह जिलों के 26 और कुमाऊं मंडल के छह जिलों के 23 विकासखंडों में पहले चरण का मतदान होगा। 5823 पोलिंग बूथ पर 26 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के लिए बुधवार को 5318 पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार राज्य में पहली दफा पंचायत चुनावों को दो चरणों में कराने का निर्णय लिया था। उसी हिसाब से चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था। चुनावी कार्यक्रम के हिसाब से 24 जुलाई को पहला चरण और 28 जुलाई को दूसरे चरण का मतदान होना है। पहले चरण में राज्य के 12 जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों के गांव एवं ब्लॉकों में मतदान कराया जा रहा है। ( हरिद्वार जनपद को छोड़कर) पहले चरण के मतदान के लिए राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस प्रशासन की भी पूरी तैयारियों हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी, निष्पक्ष और एक्ट के तहत संपन्न कराए जाने की प्रतिबद्धता जताई है।
पहले चरण की वोटिंग वाले विकासखंड
1. अल्मोड़ा जनपद के ताकुला, धौलादेवी, ताड़ीखेत, भैंसियाछाना, लमगड़ा, चौखुटिया 2. जनपद ऊधमसिंह नगर के खटीमा, सितारगंज, गदरपुर, बाजपुर 3. जनपद चंपावत के लोहाघाट एवं पाटी 4. जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी, कनालीछीना 5. जनपद नैनीताल के बेतालघाट, ओखलकांडा, रामगढ़, धारी 6. जनपद बागेश्वर के बागेश्वर, गरुड़, कपकोट 7. जनपद उत्तरकाशी के मोरी, पुरोला, नौगांव 8. जनपद चमोली के देवाल, थराली, ज्योतिर्मठ, नारायणबगड़ 9. जनपद टिहरी के जौनपुर, प्रतापनगर, जाखणीधार, थौलधार, भिलंगना 10. जनपद देहरादून के चकराता, कालसी, विकासनगर 11. जनपद पौड़ी के खिर्सू, पाबौ, थलीसैंण, नैनीडांडा, बीरोंखाल, रिखणीखाल, एकेश्वर, पोखड़ा तथा 12. जनपद रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ, जखोली और अगस्त्यमुनि ब्लॉक में मतदान होगा।
प्रथम चरण के मतदान में प्रत्याशियों का ब्यौरा
1. सदस्य ग्राम पंचायत के 948 पदों सापेक्ष 2247 प्रत्याशी प्रतिभाग करेंगे।
2. प्रधान ग्राम पंचायत के 3393 पदों सापेक्ष 9731 प्रत्याशी प्रतिभाग करेंगे।
3. सदस्य क्षेत्र पंचायत के 1507 पदों सापेक्ष 4980 प्रत्याशी प्रतिभाग करेंगे।
4. सदस्य जिला पंचायत के 201 पदों सापेक्ष 871 प्रत्याशी प्रतिभाग करेंगे।
5. लगभग 26 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
सीएम धामी की प्रदेशवासियों से मतदान की अपील
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के अंतर्गत कल होने वाले मतदान के लिए प्रदेशवासियों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इन चुनावों में प्रत्येक मतदाता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाता की जागरूकता और सहभागिता पर निर्भर करती है। त्रिस्तरीय पंचायत प्रणाली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का संचालन होता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के मतदाताओं से विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुँच कर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट राज्य के भविष्य को गढ़ने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।





