उत्तराखण्डखेलदेहरादून

मेजर ध्यानचंद जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस – 2025: नेशनल गेम्स व  राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता सम्मानित सीएम पुष्कर धामी ने कहा -अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धा आयोजन के लिए उत्तराखंड तैयार

खिलाड़ियों पर जमकर हुई धन वर्षा, दिए गए 20 करोड़ 96 लाख ,
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3,900 खिलाड़ियों के खाते में 1500- 1500 रु. डीबीटी
देहरादून। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष में उत्तराखंड के खिलाड़ियों पर जमकर धन वर्षा हुई। शुक्रवार को परेड ग्राउंड के मल्टीपरपज हाल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने पदक विजेताओं को नगद इनाम धनराशि वितरित की।इस अवसर पर 38वें राष्ट्रीय खेल, अन्य राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं, वेटरन मास्टर प्रतियोगिता, सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता, अखिल भारतीय विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को कुल मिलाकर 15 करोड़ 69 लाख रुपए से ज्यादा की धनराशि वितरित की गई। खिलाड़ियों के साथ कुल 320 खेल प्रशिक्षकों को भी इनामी धनराशि दी गई है।
समारोह को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल और खेल भावना समाज को ऊर्जा, अनुशासन और प्रेरणा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी स्टिक के जादू से पूरी दुनिया को भारत की खेल शक्ति से परिचित कराया। उन्होंने हिटलर तक को ये बता दिया कि देश भक्ति आखिर क्या होती है। उन्हीं के आदर्शों पर चलकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश भी एक वैश्विक खेल शक्ति बन रहा है, इसमें उत्तराखंड भी अपनी भूमिका निभाने के लिए कमर कस चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रहे हैं। आज हमारे खिलाड़ी केवल किसी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ही नहीं खेलते बल्कि जीतने और तिरंगा लहराने के संकल्प के साथ मैदान में उतरते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल बजट तीन गुना बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, उपनिदेशक शक्ति सिंह, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाई व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम बोले,देवभूमि बनी खेल भूमि
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों के भव्य एवं सफल आयोजन ने उत्तराखंड को “देवभूमि के साथ ही “खेलभूमि” के रूप में भी स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त किया है। इस बार के राष्ट्रीय खेलों में हमारे खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार राष्ट्रीय खेलों में 7वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रचने का कार्य किया।
उत्तराखंड राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि इंटरनेशनल खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन करने में भी सक्षम बना है। हाल ही में देश की एकमात्र ओलंपिक स्टैण्डर्ड हिमाद्रि आइस रिंक का जीर्णोद्धार किया गया है। जिसके फलस्वरूप इस आइस रिंक में इंटरनेशनल स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जा चुकी हैं।
आठ शहरों में बनेगी खेल अकादमियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही एक स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान भी लागू करने जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में प्रत्येक वर्ष 920 विश्वस्तरीय एथलीट और 1000 अन्य खिलाड़ी उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। राज्य सरकार हल्द्वानी में उत्तराखंड के प्रथम खेल विश्वविद्यालय एवं लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित कर रही है।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित  
विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते हुए, मख्यमंत्री ने कहा कि खेल दिवस के अवसर पर राज्य सरकार द्वारा कुल 250 से अधिक खिलाड़यों एवं उनके प्रशिक्षकों को लगभग 16 करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जा रही है। सम्मानित लाड़ियों में पेरिस ओलंपिक 2024 में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ी मनदीप कौर, अमीषा रावत और मनोज सरकार को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई है। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाले शौर्य सैनी और अभिनव देशवाल को 30-30 लाख रुपये की सम्मान राशि से पुरस्कृत किया गया। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत 3,900 खिलाड़ियों तथा मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 2,199 खिलाड़ियों को प्रतिमाह मिलने वाली उनकी छात्रवृत्ति की लगभग साढ़े 5 करोड़ रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
सीएम ने की दो घोषणाएं
सीएम ने कहा कि भारत ने वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं, इसलिए खेल विभाग और युवा खिलाड़ियों को अभी से इसकी तैयारियों में जुटना होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने परेड ग्राउंड में एथलेटिक सिंथेटिक ट्रैक बनाने और पवेलियन फुटबाल ग्राउंड में सिंथेटिक फुटबाल टर्फ लगाने की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने खेल स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों
दो को मिली सरकारी नौकरी
समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों मानसी नेगी को खेल विभाग और मोहम्मद अरशद को पुलिस विभाग में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।
सरकार ने पदक विजेताओं से किया अपना वादा  पूरा : रेखा आर्या 
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को दुगनी इनामी धनराशि देकर अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी प्रदेश के जो खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे उन्हें नगद इनाम धनराशि के साथ-साथ सरकारी नौकरी देने के लिए भी सरकार वचनबद्ध है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने पदक विजेता खिलाड़ियों से कहा कि वह अपने प्रदर्शन से प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए आदर्श बन चुके हैं और नए खिलाड़ियों को सामने लाने में उन सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यदि 2036 ओलंपिक भारत में आयोजित होता है तो इसके लिए खिलाड़ियों को तैयार करने में उत्तराखंड के खेल ढांचे की बड़ी भूमिका रहने वाली है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ओलंपिक की तैयारी में अभी से जुटें और प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा युवाओं का प्रतिनिधित्व ओलंपिक में होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button