अल्मोड़ाउत्तराखण्डधर्म - संस्कृति

सीएम धामी ने दी विकास कार्यों की सौगात- 76.78 करोड़ की 06 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

जागेश्वर धाम मास्टर प्लान की समीक्षा, समयसीमा में  कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश,
कहा – जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र , इसे भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाएगा
जागेश्वर- अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रसिद्ध तीर्थस्थल जागेश्वर धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 76.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एवं स्वीकृत 06 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया । लोकार्पण की गई योजनाओं में दन्या से आरा सल्पड़ मोटर मार्ग का सुधारीकरण, चायखान से थुआसिमल मोटर मार्ग का सुधारीकरण, तथा सत्यों में 33/11 केवी उप संस्थान का निर्माण शामिल हैं।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राजकीय पॉलीटेक्निक सल्ट एवं दन्या में अनावासीय भवनों के निर्माण कार्यों तथा राजकीय पॉलीटेक्निक द्वाराहाट में मैकेनिकल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री  धामी ने जागेश्वर धाम परिसर का पैदल भ्रमण एवं निरीक्षण किया तथा जागेश्वर धाम मास्टरप्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर हमारी आस्था और विश्वास का केंद्र है, इसे दिव्य और भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी संबंधित विभाग संपूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जागेश्वर धाम न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी वैश्विक पहचान प्राप्त करे। जागेश्वर धाम का समग्र विकास स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए अवसर भी लेकर आएगा। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह  सहित अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button