Uttrakhand :भाजपा संगठन पर्व की कार्यशाला आयोजित,2027 विधानसभा चुनाव सहित सभी चुनावों में जीत दर्ज करने को मजबूत संगठन तैयार करने का फैसला

मुख्यमंत्री धामी के कार्यों व प्रवासों का चुनाव में पार्टी को मिल रहा लाभ : चाहर
कहा,देशभर के राज्यों में धामी के ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों की चर्चा
कार्यशाला में सीएम पुष्कर धामी व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट रहे मौजूद
देहरादून । केंद्रीय पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में भाजपा संगठन पर्व की प्रदेश कार्यशाला में एक सुर मे 2027 विधानसभा समेत सभी चुनावों में जीत की दृष्टि से मजबूत संगठन तैयार करने का निर्णय लिया गया। यह भी स्पष्ट किया गया कि अनुशासनहीन , पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल व्यक्ति को किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लिया जाएगा ना ही पार्टी में कोई पद दिया जाएगा ।
रेसकोर्स स्थित एक निजी प्रतिष्ठान में यह कार्यशाला दो सत्रों में आयोजित की गई।कार्यशाला में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में लोकसभा सांसद एवं किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने संगठन चुनाव को लेकर शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा देश भर में मोदी के मार्गदर्शन में हम डबल इंजन सरकारों को बार-बार स्थापित करने में कामयाब हो रहे हैं। जिसमें बहुत बड़ा योगदान है हमारे अतुलनीय कार्यकर्ताओं और बेजोड़ संगठन का। हमारे पास राष्ट्र और समाज के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की पूरी फौज है जो अन्य दलों की भांति कभी थकती नहीं है। राज्य में इस अभियान की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, हमने 15 लाख के सापेक्ष 21 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए हैं, वही सक्रिय कार्यकर्ताओं के लक्ष्य को भी हमने पार किया है।
वही 20 फरवरी तक मंडल और 28 फरवरी तक सभी जिलों में अध्यक्ष के चयन की तारीख बताते हुए, संगठन के हितकर लोगों को आगे लाने का आह्वान किया।
इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की और कहा देशभर के राज्यों में आपके किये ऐतिहासिक और साहसिक कार्यों की चर्चा हो रही है। आज मुख्यमंत्री धामी जहां-जहां जाते हैं उनके प्रवास और प्रयासों का लाभ चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिल रहा है।
कार्यशाला में मुख्य वक्ताओं के अतिरिक्त राष्ट्रीय सह चुनाव प्रभारी, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी, राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती कल्पना सैनी, मुकेश कोली, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, मीरा रतूड़ी, प्रदेश कार्यालय सचिव कस्तूभानंद जोशी, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान पुष्कर काला, विनोद सुयाल, दीप्ति रावत, देहरादून महापौर सौरभ थपलियाल समेत प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चों प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष महामंत्री, विधानसभा पर्यवेक्षक, सह पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
डबल इंजन की सरकार में तेजी से विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा प्रदेश: सीएम धामी
कार्यशाला के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, संगठन पर्व के इस महत्वपूर्ण चरण में मंडल और जिला अध्यक्षों का चयन होना है। उनके आधार पर तैयार होने वाले मजबूत संगठन के नेतृत्व में ही हम 2027 का विधानसभा समेत सभी चुनावों को जीतना है। हमे आने वाली सभी राजनैतिक चुनौतियों के लिए नई टीम बनानी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश, डबल इंजन की सरकार में तेजी से विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दिल्ली चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, में जब भी वहां भाषण देता था, तो शुरुआत में राज्य के विकास कार्य एवं उपलब्धियों को सामने रखता था। उस समय मेरा एक ही सवाल जनता से रहता था कि ऐसा क्यों हो पा रहा है तो लोगों का एक सुर में जवाब होता था, डबल इंजन सरकार। यही वजह है कि लगातार राज्य दर राज्य डबल इंजन की सरकार को जनता द्वारा प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने प्रदेश में पार्टी के जीत के अभियान का जिक्र करते हुए कहा प्रदेश ने सरकार बदलने का मिथक तोड़कर नई पर परिपाटी बनाते हुए हमें दूसरी बार मौका मिला है। वहीं लोकसभा में लगातार पांचो सीटों पर तीसरी बार और उपचुनाव समेत निकाय चुनाव में भी शानदार जीत हमने हासिल की है।
सक्षम, समर्थ और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम चयन का समय आ गया: महेंद्र भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि अब मंडल और जिलों में ऐसे सक्षम, समर्थ और समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम चयन का समय आ गया है, जिनके दम पर हमे 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार उत्तराखंड में बनानी है। लिहाजा हमे सभी सामाजिक, क्षेत्रीय और वर्गों को ध्यान में रखते हुए मजबूत संगठन खड़ा करना है। हम सबका प्रयास होना चाहिए कि फरवरी तक जिला अध्यक्षों के चुनाव हो जाए ताकि मार्च मैं होने वाले राष्ट्रीय अध्यक्षों के निर्वाचन में राज्य की भागीदारी भी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर अनुशासनहीनता करने वाले को पद नहीं दिया जाए और ऐसा करने में सिर्फ प्रदेश नेतृत्व ही नहीं आप सभी पर्यवेक्षकों और कार्यकर्ताओं को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम सब की प्राथमिकता सर्वसम्मति से चयन सुनिश्चित करने की होनी चाहिए।
पदाधिकारियों ने दिए अलग-अलग विषय पर प्रस्तुतीकरण
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि कार्यशाला में आगामी कार्यकर्ताओं को लेकर पदाधिकारी द्वारा प्रस्तुतीकरण भी किया गया। जिसके क्रम में सुरेश गढ़िया ने एक राष्ट्र एक चुनाव कार्यक्रम, राजेंद्र बिष्ट ने संविधान गौरव अभियान, अनिल गोयल द्वारा बजट पर चर्चा, आदित्य कोठारी ने अटल जन्म शताब्दी वर्ष, खिलेंद्र चौधरी ने सहकारिता चुनाव को लेकर अब तक की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई।