नगर आयुक्त नमामि बंसल बोलीं – देहरादून शहर की सफाई व्यवस्था की जाएगी और बेहतर, शहर के 67 वार्डों में 150 वाहन उठा रहे कूड़ा

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को किया जाएगा 100 प्रतिशत,
नगर आयुक्त देहरादून बोलीं, शिकायतों
सुझावों और समस्याओं पर तेजी से होगा काम,
नगर निगम मेयर आयुक्त हुई मीडिया से रूबरू
देहरादून।नगर निगम देहरादून की नगर आयुक्त नमामी बंसल ने कहा कि शहर की सफाई और प्रकाश व्यवस्था को लेकर लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जो भी सुझाव, समस्याएं व शिकायतें सामने आएंगी उनका निदान प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस समय शहर के 67 वार्डों में 150 वाहन डोर टू डोर कूड़ा उठान का कार्य कर रहे हैं। आने वाले दिनों में कूड़ा उठाने के लिए वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही मैन पावर को भी बढ़ाया जाएगा। कूड़ा उठान कर रहे वाहनों के चालकों को सीयूजी नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर आयुक्त नमामि बंसल बुधवार को नगर निगम स्थित अपने कार्यालय में मीडिया से रूबरू हुई। उन्होंने इस दौरान मीडिया कर्मियों से शहर की सफाई व्यवस्था और अन्य समस्याओं को लेकर बातचीत की। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर कलेक्शन पर भी लगातार कार्यवाही की जा रही है ताकि सौ प्रतिशत कूड़ा कलेक्शन किया जा सके। नमामि बंसल ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालने को लेकर जो स्थान चिन्हित किए गए थे, उन पर भी कार्यवाही हो रही है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में सफाई व पथ प्रकाश व्यवस्था , कूड़ा कलेक्शन और नाले नालियों की सफाई को लेकर जो भी सुझाव और शिकायतें सामने आएंगे उन पर प्राथमिकता पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर सभी वार्ड वासियों से अपील करते हुए कहा कि अगर कहीं पर भी सफाई और पथ प्रकाश से संबंधित समस्या सामने आती है तो वह जरूर बताएं ताकि इसका निदान समय पर किया जा सके। प्रेस वार्ता के दौरान सहायक नगर आयुक्त राजवीर सिंह चौहान भी मौजूद रहे।





