उत्तराखंड निवेश उत्सव-2025: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बोले- उत्तराखंड में निवेश का महा उत्सव,कहा- धामी सरकार ने दिखाया ‘पराक्रम’

केंद्रीय गृहमंत्री ने की धामी सरकार के प्रयासों की जमकर सराहना,
कहा -धामी सरकार पारदर्शिता, तीव्रता और दूरदर्शिता के साथ कर रही काम,
विकसित उत्तराखंड के बिना 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता
रुद्रपुर(उधमसिंह नगर) । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर में आयोजित उत्तराखंड निवेश उत्सव-2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के प्रयासों की जमकर सराहना की। दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के बाद एक लाख करोड़ रुपए के निवेश की सफल ग्राउंडिंग का उत्सव मनाते हुए शाह ने कहा कि धामी सरकार पारदर्शिता, तीव्रता और दूरदर्शिता के साथ काम कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि विकसित उत्तराखंड के बिना 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।
गृह मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देवभूमि उत्तराखंड ने पूरी दुनिया को आध्यात्मिक ऊंचाई पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने दिसंबर 2023 की ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का जिक्र करते हुए कहा, “तब मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से कहा था कि असल पराक्रम समिट में हुए तीन लाख 56 हजार करोड़ के एमओयू को धरातल पर उतारने का होगा। मुझे खुशी है कि धामी की टीम ने तमाम चुनौतियों के बावजूद आज एक लाख करोड़ का निवेश धरातल पर उतार दिया है।” उन्होंने बताया कि इस निवेश से 81 हजार नए रोजगार सृजित हुए हैं, और सहायक उद्योगों के जरिए भी ढाई लाख से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
शाह ने इस बात पर जोर दिया कि उत्तराखंड के दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में भी अब उद्योग लग रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करते हुए, नीति में पारदर्शिता, क्रियान्वयन में तीव्रता और विजन में दूरदर्शिता के साथ विकास का नया खाका खींचने में सफल रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उत्तराखंड के गठन और केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद से लगातार चल रही ‘डबल इंजन’ सरकार के लाभों का भी उल्लेख किया।
केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर से चौथे नंबर पर आ गई है, और 2027 तक इसे दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने 2047 तक विकसित भारत की कल्पना की है, लेकिन विकसित उत्तराखंड के बिना विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है।” शाह ने गरीबों के कल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में मोदी सरकार की उपलब्धियों का भी संक्षिप्त उल्लेख किया, जिसमें 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना शामिल है। उन्होंने जोर दिया कि देश के समग्र विकास के लिए छोटे राज्यों और पूर्वोत्तर के राज्यों का विकास भी महत्वपूर्ण है, जिस पर केंद्र सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
********************************************
सीएम धामी ने कहा, उत्तराखण्ड को औद्योगिक विकास की ऊंचाइयों तक ले जाएगा यह उत्सव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि आज हम उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में एक लाख करोड़ रूपए से अधिक की सफलतापूर्वक ग्राउंडिंग का उत्सव मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का उत्सव केवल आर्थिक निवेश नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संभावनाओं, उद्यमिता की भावना और जन भागीदारी पर आधारित समावेशी विकास का प्रतिबिंब है, जो राज्य को आत्मनिर्भरता और औद्योगिक समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। आज 1342 करोड़ रुपए से अधिक की लागत की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है।





