उत्तरकाशी के धराली में बादल फटा, , पहाड़ों से आए मलबे ने मचाई तबाही , 4 की मौत, 50 लापता, बड़ी संख्या में घरों को नुकसान गृहमंत्री और मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

हेल्पलाइन नंबर जारी,कई लोगों के दबे होने की भी आशंका,गंगोत्री धाम और मुखवा के पास स्थित है प्रभावित क्षेत्र
उत्तरकाशी/ देहरादून। त्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ है ।मंगलवार दोपहर को यहां धराली इलाके में बादल फटा है, जिममें चार लोगों की मौत हो गई है। हादसे में 40 से 50 लोग लापता बताए जा रहे हैं। पहाड़ों से सैलाब के साथ मलबा बहकर आने से नदी किनारे बसे कई घर तबाह हो गए ।
गंगोत्री धाम और मुखवा के पास स्थित धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से एक नाला उफान पर आ गया। नाले का पानी बहुत तेज़ी से पहाड़ों से निचले इलाकों की तरफ बहकर आया, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए । उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो गई है और संपत्ति को काफी ज्यादा नुकसान हुआ है. बादल फटने के बाद इलाके में 50 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं।
नाले के पानी के साथ मलबा भी नीचे बहकर आया है, जिसमें कई लोगों के दबे होने की भी आशंका जताई जा रही है। इलाके में अब भी बारिश जारी है और ऐसे में फिर से बादल फटने का खतरा बना हुआ है।
बादल फटने के बाद नाले में पानी के उफान से पूरे इलाके में दहशत फैल गई, अब इलाके में राहत और बचाव का काम चल रहा है। जिला आपदा प्रबंधन ने हादसे की पुष्टि की है और कहा कि हालात पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
हादसे की जगह पर पहले ही एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमों को बचाव कार्य के लिए रवाना कर दिया गया है।प्रशासन की तरफ से भी लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने बताया कि हर्षिल क्षेत्र में खीर गाड़ का जलस्तर बढ़ने से कस्बा धराली में भारी नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व, आर्मी और आपदा दल मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी से दूरी बनाए रखने की अपील की है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।बादल फटने की इस घटना के बाद गंगोत्री धाम का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट चुका है।
धराली में जलस्तर बढ़ने से बाजार और घरों का काफी नुकसान पहुंचा है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इन हादसों में कई लोगों की जान भी जा चुकी है और घरों को काफी नुकसान पहुंचा है.उत्तराखंड के धराली (उत्तरकाशी) में फ्लैश फ्लड की घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। आइटीबीपी की निकटतम 3 टीमों को वहाँ भेज दिया गया है, साथ ही एनडीआरफ की 4 टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुँच कर बचाव कार्य में लगेंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर संचालित करने के दिए निर्देश
देहरादून ।उत्तरकाशी जनपद के हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने की घटना से हुए जन-धन के नुकसान की सूचना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावितों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं । सेना, SDRF, NDRF, जिला प्रशासन एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं तथा स्थिति की नियमित जानकारी ले रहे हैं ।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।मुख्यमंत्री धामी अपना दौरा स्थगित कर तत्काल देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।
गृहमंत्री शाह ने बादल फटने की घटना पर जताया गहरा शोक
नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया।गृह मंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ एवं अन्य राहत एजेंसियों को तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हैं और केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल एवं आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जा रही है।




