आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी, 74 लोग किए गए रेस्क्यू , 3 दिन से मुख्यमंत्री धामी कैंप कर संभाले हुए हैं बचाव अभियान की कमान , आपदा प्रभावितों के साथ बैठे ,हाल-चाल जाना

मातली हेलिपैड में जाकर रेस्क्यू अभियान को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए , हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री की खेप रवाना करवाई,
लापता लोगों की खोजबीन का अभियान जारी,
लिमचिगाढ़ में बैली ब्रिज बनाने का कार्य शुरू,
राही डॉग ने धराली में ग्राउंड जीरो पर सर्चिंग अभियान शुरू किया
उत्तरकाशी।मुख्यमंत्र पुष्कर सिंह धामी की निगरानी और निर्देशन में आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
मुख्यमंत्री तीन दिन से उत्तरकाशी में ही प्रवास कर स्वयं रेस्क्यू अभियान की कमान संभाले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आज सुबह जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के निकटवर्ती मातली हेलिपैड में जाकर रेस्क्यू अभियान को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री की खेप रवाना करवाई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए मातली हेलीपैड से सुबह सात बजे से हेलिकॉप्टर्स की आवाजाही का सिलसिला शुरू हुआ। दोपहर तक 128 लोगों को हर्षिल से हेलिकॉप्टर के जरिए मातली हैलिपैड पहुंचाया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने के लिये आज फिर से धराली क्षेत्र के भ्रमण पर रवाना हुए ।
आपदाग्रस्त धराली क्षेत्र में प्रभावितों को राहत पहुँचाने और लापता लोगों की खोजबीन का अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
बुनियादी सुविधाओं तथा संचार व्यवस्था की बहाली के लिए विभिन्न एजेंसियां निरंतर जुटी हुई हैं। हर्षिल बगोरी में मोबाईल सेवा बहाल कर दी गई है।लिमचिगाढ़ में बैली ब्रिज बनाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। राही डॉग द्वारा धराली में ग्राउंड जीरो पर सर्चिंग अभियान शुरू किया गया है।इस बीच
धराली में आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका हाल-चाल जाना और कुछ देर उनके साथ बैठकर बतचीत की।
रेस्क्यू किए गए लोगों को लाया जा रहा
मातली तथा चिन्यालीसौड़ में हेलीपैड
धराली हर्षिल से आपदा प्रभावितों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव अभियान जारी हैं। उत्तरकाशी में मातली तथा चिन्यालीसौड़ में हेलीपैड पर रेस्क्यू किए गए लोगों को लाया जा रहा है ।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इनके गंतव्य के लिए भेजे जाने के सभी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
प्राप्त सूचनानुसार चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर अपराह्न 12 बजे तक सेना के MI -17 और चिनुक द्वारा 74 लोगों को रेस्क्यू कर लाया गया है, जहां परिवहन के सभी साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है । सभी को सकुशल उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।





