उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने माहरा की धराली जाने की कोशिश को  राजनैतिक स्टंट बताया

भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष के भटवाड़ी में रोके जाने के आरोपों को नकारा,राहत व बचाव कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश ठहराया
देहरादून । भाजपा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष करन माहरा के भटवाड़ी में रोके जाने के आरोपों को आपदा में अवसर तलाशने की कोशिश बताया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद  महेंद्र भट्ट ने उनकी धराली जाने की कोशिश को राजनैतिक स्टंट बताते हुए राहत बचाव कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश ठहराया।
उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि, प्रदेश आज इतनी बड़ी आपदा से जूझ रहा है, लेकिन कांग्रेस उस पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। सभी ने धराली और हर्षिल घाटी में आई जल प्रलय का विध्वंस देखा। वहां शासन, प्रशासन, सेना और सुरक्षा बल प्राकृतिक आपदा का पूरी ताकत से सामना करने में जुटा है। इसी तरह सभी लोग आपसी सहयोग से आम लोगों के जीवन को बचाने में रात दिन एक किए हुए हैं। वहां जाने के लिए सभी सड़क मार्ग बुरी तरह से जगह – जगह क्षतिग्रस्त हैं। वर्तमान में सरकार की प्राथमिकता आपदा में फंसे लोगों को सुरक्षित निकलना है और उन्हें हर संभव मदद पहुंचानी है। लिहाजा रेस्क्यू अभियान से जुड़ी एजेंसियों और पुलिस प्रशासन को ही वहां सक्रिय किया गया है। आपदा से रास्ते क्षतिग्रस्त और जोखिम भरे हैं, मौसम भी बार-बार चुनौती दे रहा है। ऐसे में किसी राजनेता या अन्य व्यक्तियों का वहां जाना स्वयं उनके लिए भी नुकसानदायक साबित हो सकता है। लिहाजा सावधानी के तौर पर यथासंभव सुरक्षित जगह पर रहने का सभी लोगों को सुझाव दिया जा रहा है। जिस संदर्भ में मीडिया , सामाजिक कार्यकर्ता व स्थानीय लोग सभी पूरा सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने माहरा पर निशाना साधते हुए कहा कि, तमाम विपरीत परिस्थितियों को जानते हुए भी उनका वहां जाने की जिद्द, पूरी तरह राजनीतिक मंशा से प्रेरित है। जिस तरह वह ट्रैकिंग पर निकलने जैसा वीडियो बनाकर झूठ और अफवाह फैला रहे हैं। वह एक नजर में पूरी तरह से राजनैतिक स्टंट दिखाई दे रहा है।   इसलिए उनके द्वारा रोके जाने के आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। उनके द्वारा यह नाटकीय घटनाक्रम करना, कहीं ना कहीं कांग्रेस की आपकी आपसी गुटबाजी का भी नतीजा है।
कहा -हमेशा की तरह  संकट के समय कांग्रेस नेता अपना रहे गैर जिम्मेदाराना रुख 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अफसोस जताते हुए कहा कि हमेशा की तरह इस बार भी संकट के समय कांग्रेस नेता और उनके प्रदेश अध्यक्ष गैर जिम्मेदाराना रुख अपनाए हुए हैं। इस आपदा के समय में उन्हें अपने कार्यकर्ताओं से राहत बचाव कार्य में सहयोग की अपील करनी चाहिए थी। बावजूद इसके वह अराजक और नकारात्मक प्रवृति का वहां नेतृत्व कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनता के सहयोग से हम सब मिलकर इस त्रासदी से अवश्य पार पा लेंगे। लेकिन देवभूमि की जनता उनके इस अनैतिक कृत्य के लिए कभी माफ नहीं करने वाली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button