सहस्रधारा में बादल फटने से तबाही, मुख्य बाजार में मलबा आने से कई बड़े होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त, मसूरी में मजदूरों के आवास पर मलबा गिरने से एक की मौत

तमसा नदी का रौद्र रूप, टपकेश्वर मंदिर परिसर को खाली कराया गया
देहरादून। मानसून ने अपनी विदाई के अंतिम समय में जनपद देहरादून में भारी तबाही मचाई है। देहरादून शहर और जनपद में लगातार बारिश अपना कहर बरपा रही है। सोमवार देर रात देहरादून के सहस्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही मची है। सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देररात बादल फटने से बड़े पैमाने पर नुकसान होने की सूचना है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के मुताबिक मुख्य बाजार में मलबा आने से दो से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। कार्डीगाड़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाजार में बड़े पैमाने पर मलबा आ गया। इससे दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक मार्केट में बनीं करीब 7 से 8 दुकानें ध्वस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार वहां पर करीब 100 लोग फंस गए थे जिन्हें गांव वालों ने सकुशल रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया ।इस तरह की सूचना भी है कि कुछ लोग लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
वहीं, आपदा कंट्रोल रूम से रात दो बजे जानकारी मिली कि घटनास्थल के लिए एसडीआरएफ और फायर की टीम को रवाना कर दिया गया है। लेकिन रास्ते पर अधिक मलबा आ जाने के कारण टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई। बताया गया कि लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंचकर रास्ता खोलने में जुट गई है।
वहीं देहरादून में तमसा नदी रौद्र रूप में आ गई है। टपकेश्वर मंदिर में शिवलिंग तक डूब गया है। मंदिर परिसर को खाली कराया गया है। उधर, आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सॉन्ग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा है।रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है। जब आईटी पार्क के पास अचानक मलबा आ गया। सूचना मिलते ही तुरंत बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को भी मौके पर बुला लिया गया।
रेस्क्यू टीम में बचाव और राहत अभियान में जुटी हैं।
मसूरी में भारी बारिश से मजदूरों के आवास के ऊपर मलबा आने से एक की मौत
मसूरी के झड़ीपानी में सोमवार देर रात भारी बारिश से मजदूरों के आवास के ऊपर मलबा आ गया। घटना में एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। शहर कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि बारिश का पानी और मलबा मजदूरों के कच्चे आवास के ऊपर आ गया। इससे एक मजदूर की दबने से मौके पर ही मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज गया है।
देहरादून सहित कई जनपदों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों की बात करें तो 21 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।





