बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र हुए पंचतत्व में विलीन , अमिताभ, सलमान, शाहरुख व आमिर खान सहित अनेक फिल्मी सितारों ने दी अपने हीरो को अंतिम विदाई

90 साल की उम्र में हुआ निधन, पुत्र सन्नी देओल ने दी मुखाग्नि , पूरा परिवार रहा मौजूद
मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हीमैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का सोमवार को 90 साल की निधन हो गया । धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार और सेलेब्स श्मशान घाट पहुंचे ।धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया, जहां उनके बड़े पुत्र और बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने उन्हें मखाग्नि दी।
कुछ दिन पूर्व दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। 31 अक्टूबर को एक्टर को मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में टॉप डॉक्टरों की कड़ी मेडिकल निगरानी में रखा गया था।
मशहूर एक्टर धर्मेंद्र के निधन की खबर मिलने के बाद, फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए विले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पर इकट्ठा हुए। इनमें जाने-माने राइटर सलीम खान और उनके बेटे सलमान खान, शाहरुख खान, आमिर खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन व
रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण शामिल हुए।
अपने शानदार फिल्मी सफर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने वाले बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ को 1997 में फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला और 2012 में पद्म भूषण से नवाजा गया।लोकसभा में बीकानेर से सांसद रहते हुए उन्होंने राजनीति में भी अपनी पहचान कायम की। धर्मेंद्र भले ही आज इस दुनिया में न हों, लेकिन उनकी यादें हमेशा दिलो दिमाग में ताजा रहेंगी । उनके जाने से सिनेमा जगत ने अपनी एक शान, एक युग, एक करिश्माई व्यक्तित्व खो दिया है।
सीएम धामी ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर दुखद जताया है ।उन्होने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, उनका निधन भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी मुस्कान और किरदार हमेशा हम सभी को याद रहेंगे।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।





