उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में  अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन का शुभारंभ, इसरो के पूर्व अध्यक्ष डा. सोमनाथ ने कहा – प्रत्येक युवा वर्तमान का ध्वजवाहक व भविष्य का आधार स्तंभ 

बोले – अभाविप ने सिद्ध किया , सेवा में निहित्त है सच्चा नेतृत्व ,
परेड ग्राउंड में 3 दिन तक चलेगा अधिवेशन,
देश के कोने-कोने से प्रतिनिधि ले रहे भाग 
देहरादून । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में अस्थाई रूप से बसाए गए ‘भगवान बिरसा मुंडा नगर ‘ के ‘जनरल विपिन  रावत सभागार’ में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) के पूर्व अध्यक्ष डा.. एस सोमनाथ ने किया।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डा. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने विगत वर्ष का वृत्त प्रस्तुत करते हुए यह आंकड़ा रखा कि अभाविप ने इस वर्ष सदस्यता के सभी पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ 76,98,448 विद्यार्थियों की सदस्यता की है। अभाविप की 77 वर्ष की संगठनात्मक यात्रा में यह संख्या सर्वाधिक है। उद्घाटन सत्र के बाद “युवा भारत का आह्वान” विषयक भाषण सत्र का आयोजन हुआ, जिसमे बतौर वक्ता अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान रहे एवं इसी भाषण विषय पर समानांतर सत्रों में चर्चा भी की गई।
अभाविप के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि, प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक एवं पूर्व इसरो अध्यक्ष डा. एस. सोमनाथ ने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों को इस भव्य अधिवेशन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा, “किसी भी राष्ट्र का उत्थान तभी संभव है, जब उसकी युवा पीढ़ी ज्ञान, तकनीक और निडर शक्ति से सम्पन्न हो। आज के युवाओं को देखकर हर्ष होता है ,क्योंकि प्रत्येक युवा न केवल वर्तमान का ध्वजवाहक है, बल्कि भविष्य का आधारस्तंभ भी है। यह एक आंदोलन है, एक मिशन है और इसी महत्वपूर्ण परिस्थिति में अभाविप उभरकर सामने आती है। युवा का संकल्प ही राष्ट्र का स्वरूप गढ़ता है। अभाविप ने सदैव भारत की राष्ट्रीय नीतियों को संरक्षित किया है। उसका मार्गदर्शक सिद्धांत ‘चरैवेति-चरैवेति’ उसे निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हम एक ऐसी वैश्विक तकनीकी शक्ति हैं, जिसकी सभ्यता अपनी संस्कृति में गहराई से निहित है। आज विश्व कह रहा है कि भारत 21वीं सदी का नेतृत्व कर रहा है और हम कह रहे हैं कि हमारा समय आ गया है। भारत की 25 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या युवा है, यह हमारे लिए एक सांस्कृतिक वरदान है। जब युवा दृढ़ होकर खड़े होते हैं, तो इतिहास की दिशा बदल जाती है। आप वही पीढ़ी हैं, जो भारत का भविष्य लिखेगी। हमारे यहां विज्ञान और अध्यात्म साथ-साथ चलते हैं ज्ञान, संस्कार और सेवा के आधार पर। भारत एक है, और इसे एक रूप में बनाए रखना युवाओं की जिम्मेदारी है। एबीवीपी ने यह सिद्ध किया है कि सच्चा नेतृत्व सेवा में निहित होता है। जब हर हाथ में हुनर होगा, हर मन में विश्वास होगा और हर दिल में भारत होगा, वास्तविकता में वही विकसित भारत होगा।”इस अवसर पर अभाविप के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डा.) रघुराज किशोर तिवारी, पुनर्निर्वाचित राष्ट्रीय महामंत्री डा. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, अभाविप राष्ट्रीय अधिवेशन की स्वागत समिति अध्यक्ष एवं ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष डा. कमल घनशाला, स्वागत समिति महामंत्री एवं उत्तराखण्ड जलागम परिषद के उपाध्यक्ष रमेश गाड़िया, उत्तराखण्ड अभाविप प्रांत अध्यक्ष डा. जे.पी. भट्ट एवं उत्तराखण्ड अभाविप प्रांत मंत्री ऋषभ रावत मंच पर उपस्थित रहे।
अभाविप है विश्व का सबसे बड़ा विद्यार्थी संगठन:रघुराज तिवारी 
देहरादून।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. (डा.) रघुराज किशोर तिवारी ने अधिवेशन में आए सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा, “अभाविप विश्व का सबसे बड़ा विद्यार्थी संगठन है, यह गौरव हम सभी को मिला है। भारत में युवाओं को कर्तव्यपथ पर ले जाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है, ऐसे ही भूमिका अभाविप के शिल्पकार रहे  यशवंतराव केलकर ने निभाई है। आज अभाविप की स्वीकार्यता समाज में अपनी विशिष्ट और विशेष कार्यपद्धति के चलते बड़ी है, यह हर्ष का विषय है। आज युवा पीढ़ी के समक्ष हम रोल मॉडल बनकर उभरे हैं, अभाविप के कार्यकर्ता इस क्रम में निरन्तर आगे बढ़ते जाएंगे।”
भारतीय एकात्मकता के लिए अभाविप कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत: वीरेंद्र  सोलंकी
देहरादून।अभाविप के पुनर्निर्वाचित महामंत्री वीरेंद्र  सोलंकी ने कहा, “भारतीय एकात्मकता के लिए अभाविप कार्यकर्ता निरंतर प्रयास कर रहे हैं। आज 77 वर्षों की अभाविप बहुआयामी वटवृक्ष का रूप ले चुकी है, यह यात्रा इसके पंजीयन 1949 से बहुत वर्ष पहले उन अमर बलिदानियों के ध्येय से शुरू हुई थी, जिन्होंने स्वंतत्रता की लड़ाई में खुद को बलिदान कर दिया था। उसी ध्येय के साथ अभाविप की स्थापना हुई थी और उसी को अभाविप कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों से  आह्वान किया कि इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन से सीखकर आप अपने कार्यक्षेत्र में जाएं और ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव को और दृढ़ करने तथा छात्र शक्ति को और गतिमान बनाने का कार्य करें।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button