उत्तराखंड के चकराता में गहरी खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज की बस , तीन की मौत, 33 घायल

उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर भीषण बस हादसा, घायलों में एक की हालत चिंताजनक
विकासनगर/ चकराता। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेरवा से पौंटा साहिब जा रही हिमाचल रोडवेज की एक बस कालसी क्षेत्र के मीनस मार्ग पर क्वानू के पास अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में यासमीन बेगम पत्नी नेक मोहम्मद निवासी क्यारला नेरवा, रिचा पत्नी वीरेंद्र, निवासी बिजमल शिमला व धन बहादुर निवासी क्यारला, नेरवा हिमाचल प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 33 यात्री घायल हुए हैं। जिसे पुलिस ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। वहीं अन्य घायल यात्रियों को आसपास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक छोटे वाहन को बचाने या ओवरटेक करने के प्रयास में बस चालक दिनेश कुमार पुत्र मोहन सिंह निवासी पोपाट शिमला ने नियंत्रण खो दिया। बस सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कालसी दीपक धारीवाल और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं। वही इस हादसे के बाद जिला प्रशासन में भी हलचल मच गई और आनंन-फानन में एडीएम की केके मिश्रा टीम के साथ घायलों का हाल-चाल पूछने के लिए अस्पताल में पहुंच गए।पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। बताया गया है कि बस में कुल 36 यात्री सवार थे। पुलिस प्रशासन के अनुसार, दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच की जा रही है। एएडीएम केके मिश्रा का कहना है कि घायलों की प्रशासन हर तरह से मदद करने में जुटा है।





