दिल्ली-देहरादून हाईवे पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत की कार का एक्सीडेंट, बाल बाल बचे, सीएम धामी ने जाना हाल

देहरादून।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार शाम दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाल- बाल बच गए, जब उनकी कार कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर अन्य गाड़ियों से टकरा गई।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत का मेरठ-दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एमआईटी कॉलेज के पास यह एक्सीडेंट हुआ । जानकारी के अनुसार यहां उनकी कार अनियंत्रित हो गई और कई गाड़ियों से टकरा गईं, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें दूसरी गाड़ी में बिठाया गया, इसके बाद वो देहरादून रवाना हो गए। हादसा अचानक सामने आए वाहन को बचाने के दौरान हुआ। गनीमत यह रही कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कार में मौजूद सभी लोग बाल-बाल बच गए। मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपने निजी वाहन से देहरादून से दिल्ली की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार कंकरखेड़ा क्षेत्र में पहुंची, अचानक एक वाहन ने सामने से कट मार दिया। चालक ने कार को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से वह अन्य गाड़ियों से टकराते हुए डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने फौरन दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की, जिसमें उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक भेजा गया।
मुख्यमंत्री धामी ने दूरभाष पर वार्ता कर जानी हरीश रावत की कुशलक्षेम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से दूरभाष पर वार्ता कर उनकी कुशलक्षेम जानी। मुख्यमंत्री ने वाहन दुर्घटना में हरीश रावत के सकुशल बचने पर ईश्वर का आभार व्यक्त किया और उनकी पूर्ण कुशलता की कामना की।





