उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

रसोई गैस व पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर यूथ कांग्रेस व व्यापार मंडल ने किया प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई को लेकर जताई नाराजगी
देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर विरोध के स्वर तेज होते जा रहे हैं। इसी क्रम में यूथ कांग्रेस और प्रेम नगर व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से कैंट विधानसभा क्षेत्र के प्रेमनगर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र व राज्य सरकार का पुतला दहन कर महंगाई के खिलाफ नाराजगी जताई।
यह प्रदर्शन यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री, राजेश शर्मा और राजीव पुंज के नेतृत्व में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस नेता रितेश छेत्री ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील बनी हुई है।
व्यापार मंडल नेता राजेश शर्मा ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सीधा असर छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर भी पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से परिवहन लागत बढ़ जाती है, जिसका बोझ अंततः व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को उठाना पड़ता है।
वहीं व्यापार मंडल नेता राजीव पुंज ने कहा कि महंगाई के कारण बाजार की रौनक कम होती जा रही है और व्यापार पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। यदि इसी तरह कीमतें बढ़ती रहीं तो छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने सरकार से महंगाई कम करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
इधर महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मध्यम वर्ग और गृहिणियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने महंगाई कम करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज आम आदमी पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें भी सामने आ रही हैं, जिससे जनता और अधिक परेशान है।
प्रदर्शन में संजय शर्मा, लाल चंद शर्मा, गरिमा मेहरा दसौनी, संगीता गुप्ता, दीवान सिंह बिष्ट, पिया थापा, आशीष देसाई, कैलाश बाल्मीकि, अनिल बस्नेत, विनय शर्मा, अनूप शर्मा, सुखपाल गांधी, अशोक गुप्ता, हेली जी, कुलदीप नरूला, हरदीप इशू, मयंक, सोनू बिष्ट, पीयूष जोशी, प्रियांशु गौड़, वंश सूद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button