उत्तराखण्डउधम सिंह नगरक्राइम

एसटीएफ-वन विभाग के संयुक्त ऑपरेशन में  अंतरराष्ट्रीय  गिरोह बेनकाब – सितारगंज में डेढ़ करोड़ का हाथी दांत जब्त, शातिर तस्कर मृत्युंजय हालदार व माणिक मंडल  गिरफ्तार

7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद ,
वन्यजीव तस्करों के विरुद्ध राज्यभर में चल रहा
 सघन अभियान 
शक्तिफार्म/सितारगंज। वन्यजीव तस्करी के खिलाफ प्रदेश में चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सितारगंज के बराकोली वन रेंज स्थित कल्याणपुर में घेराबंदी कर अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। मौके से 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर वन्यजीव तस्करों के विरुद्ध राज्यभर में सघन अभियान चल रहा है। इसी क्रम में मिली खुफिया सूचना पर टीम ने कल्याणपुर क्षेत्र में जाल बिछाया और दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृत्युंजय हालदार 32 वर्ष और माणिक मंडल 35 वर्ष, निवासी शक्तिफार्म, सितारगंज के रूप में हुई है। दोनों पर लंबे समय से वन्यजीव अंगों की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त रहने का संदेह था। तस्करी में प्रयुक्त बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल यूके 06 एपी 0178 भी कब्जे में ली गई है।
अधिकारियों के अनुसार बरामद हाथी दांत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की प्रथम अनुसूची में शामिल है। इसकी तस्करी गंभीर संगठित अपराध की श्रेणी में आती है, जिसमें कठोर दंड का प्रावधान है। बराकोली रेंज में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर गहन पूछताछ की जा रही है।
एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में गिरोह के तार अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही और बड़े खुलासे व गिरफ्तारियां होंगी।
गिरफ़्तारी करने वाली टीम में शामिल एसटीएफ से निरीक्षक विकाश चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल। वन विभाग से वन क्षेत्राधिकारी कैलाश चंद्र गुणवंत सहित पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button