कैबिनेट मंत्री जोशी ने की शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों के साथ केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर चर्चा

कैबिनेट मंत्री ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वरिष्ठ नागरिकों से की मुलाकात
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षाविदों एवं बुद्धिजीवियों से भेंट कर संवाद किया।
संपर्क अभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री जोशी ने वरिष्ठ शिक्षाविद डीएस मान, इंदरजीत सिंह, समाजसेवी अमरजीत सिंह एवं अश्वनी शर्मा के आवास पर पहुंचकर उनसे भेंट की तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर चर्चा की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनसेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं को रोजगार एवं आधारभूत संरचना के विकास को केंद्र में रखकर अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ देश के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है।
इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं बुद्धिजीवियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा राष्ट्र निर्माण एवं समाज के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि भाजपा का यह जनसंपर्क अभियान सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के सुझाव प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।





