भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों की बैठक में बोले सीएम धामी – कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण से अजेय बनी भाजपा, कहा – प्रकोष्ठों को सरकार के कार्य हर वर्ग तक पहुंचाकर, जीत को बनाना है अधिक प्रचंड

राजनीति सेवा का माध्यम, तभी भाजपा में आपदा , एनजीओ और पर्यटन जैसे प्रकोष्ठों की अहमियत
देहरादून ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण से भाजपा अजेय बनी हुई है। अब प्रकोष्ठों को सरकार के कामों को हर वर्ग तक पहुंचाकर, पार्टी की जीत को अधिक प्रचंड बनाना है।
बुधवार को पार्टी प्रदेश मुख्यालय में भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सेवा का माध्यम, तभी आपदा , एनजीओ और पर्यटन जैसे प्रकोष्ठों की हमारे लिए अहमियत है, जो बताता है भाजपा जनता के बीच काम करती है, विपक्ष सोशल मीडिया पर।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक में बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि, भाजपा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर चलने वाला एक जीवंत जीवंत विचारधारा है। और इस विचार को समाज के अंतिम छोर तक खड़े हुए विभिन्न आय वर्ग और सामाजिक वर्ग के लोगों तक पहुंचाने का काम कोई करता है, समाज के हर वर्ग तक पहुंचने में पार्टी का कोई माध्यम बनता है, तो हमारे प्रकोष्ठ बनते हैं। आज हमारे पास चिकित्सा,सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यवसायिक, आपदा प्रबंधन, पर्यटन गतिविधि, खेल सभी क्षेत्रों में काम करने वाले विभिन्न प्रकोष्ठ हैं। उसमें आप सभी लोगों को इस क्षेत्र में अपनी एक विशेषज्ञता के साथ, पार्टी के अनुभव और समाज का अनुभव है का सामंजस्य बनाते हुए सरकार और पार्टी के कामों को जन जन तक पहुंचाना है। आप लोगों की क्षमता, अनुभव और समर्पण हमे अन्य पार्टियों के सामने अजेय बनाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों में यही प्रमुख अंतर है कि अन्य दल सिर्फ चुनाव के समय में वोट ढूंढने के लिए निकलते हैं। हम लोग 365 दिन समाज के हर वर्ग की सेवा के लिए काम करते है। क्योंकि भाजपा राजनीति को सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। हम लोग सरकार में इसलिए आना चाहते हैं कि इसके माध्यम से समाज की सेवा करें, राष्ट्र के उन्नयन में अपना योगदान दें, समाज के अंतिम छोर में खड़े हुए व्यक्ति को आगे लाने का कार्य करें।
उन्होंने प्रशंसा करते हुए कहा कि इस बार हमारी पार्टी ने अपने संगठन के दायरे को बढ़ाते हुए आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, स्वयं सहायता प्रकोष्ठ को भी बहुत प्रमुखता दी है। वहीं अन्य सभी प्रकोष्ठों से भी आग्रह किया कि अपने-अपने कार्यक्षेत्र में समाज की अपेक्षाओं, चुनौतियों और आवश्यकताओं को समझते हुए सेवा, संगठन और जन-जागरण का प्रभावी माध्यम बनें। सरकार की उपलब्धियों को, उनकी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार एवं पार्टी के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी के साथ सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद रहे।
प्रकोष्ठों का विस्तार बताता है, भाजपा जनता के बीच काम करती है, विपक्ष सोशल मीडिया पर
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वह लोग हैं जो आपदा के समय केवल ट्विटर पर, फेसबुक पर, सोशल मीडिया पर और एयर कंडीशनर कमरों में बैठकर बयानबाजी करते हैं, ग्राउंड जीरो पर नहीं उतरते हैं। जबकि हमारा एक-एक कार्यकर्ता धरातल पर जाकर जनता की सेवा करता है। एक कार्यकर्ता होने के नाते ऐसी कोई आपदा नहीं है, जहां में स्वयं ग्राउंड जीरो पर नहीं पहुंचा हूँ। चाहे वह धराली की आपदा हो, स्याना चट्टी की आपदा हो, सिल्क्यारा टनल आपदा हो, जोशीमठ आपदा हो, रुद्रप्रयाग छैनागाड़ आपदा हो, पौड़ी सेंज़ी आपदा हो, देहरादून हो, बागेश्वर हो।
बूथ बूथ कमल खिलाने में प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद अहम होगी : महेंद्र भट्ट
प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी मोर्चों से उनकी भूमिका लेकर विभिन्न पार्टी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा, प्रकोष्ठ पार्टी की बड़ी ताकत हैं क्योंकि उसके कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के बीच कर्मठता से जुड़कर सहभागिता करते हैं। क्योंकि समाज में ऐसे बहुत से लोग हैं जो पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हों लेकिन हमारी विचारधारा, हमारे सरकार के कार्यों और हमारे नेतृत्व से प्रसन्न है। उन सब तक पार्टी के कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं को पहुंचाना है ताकि वे चुनाव की दृष्टि पार्टी के पक्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को निदेश दिए कि शीघ्र अपनी टीमों का गठन मंडल तक पूरा करना है। प्रकोष्ठ से संबंधित समाज में सबको नीचे तक जाना है और बूथ-बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य पूरा करना है।





