गिरी गाज – सहायक नगर आयुक्त के कक्ष में शराब पीकर बदतमीजी करने वाले आउटसोर्स कर्मी की सेवा समाप्त

नगर आयुक्त के अनुमोदन पर तत्काल प्रभाव से की गई कड़ी कार्रवाई
देहरादून।नगर निगम प्रशासन ने कार्यालय परिसर में अनुशासनहीनता और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए आउटसोर्सिंग एजेंसी (आर. के. एसोसिएशन) के कर्मी उपेन्द्र थापा को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।यह कर्मी मूल रूप से रिकॉर्ड रूम में तैनात था, जिसकी ड्यूटी अभी हाल ही में एस.आई.आर. में लगाई गई थी। इनके संबंध में पूर्व में भी लगातार बिना सूचना कार्य से अनुपस्थित रहने और घोर लापरवाही बरतने की गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
बुधवार को उपेन्द्र थापा ने पूरी तरह शराब के नशे में धुत होकर सीधे सहायक नगर आयुक्त के कार्यालय कक्ष में प्रवेश किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा शासकीय कार्य में गंभीर बाधा उत्पन्न की।
अधिकारी के साथ हुए इस घोर अमर्यादित व्यवहार और अनुशासनहीनता के मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने त्वरित कड़ा रुख अपनाया और इस अनुशासनहीन कर्मी को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने के लिए अपना अनुमोदन प्रदान कर दिया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय अनुशासन और अधिकारियों व कर्मचारियों की गरिमा से किसी भी परिस्थिति में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।




