उत्तराखण्डउधम सिंह नगरराजनीति

जीत का मंत्र दे गए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे – कहा , जनता के बीच जाओ, उनकी समस्या सुनो, समाधान दो, तभी 2027 में जीत संभव

पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों और पूर्व सांसदों को 2027 चुनाव के लिए दिए स्पष्ट निर्देश

रुद्रपुर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे रविवार को रुद्रपुर में पार्टी की अहम बैठक में शामिल हुए। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ सभी जिलाध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद मौजूद रहे। खडगे के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनांदोलन की रणनीति पर मंथन किया। खरगे जिलावार संगठन की स्थिति की समीक्षा कर कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे। बैठक के बाद खडगे पंतनगर एयरपोर्ट से  जीत का मंत्र देकर दिल्ली रवाना हो गए।
रामपुर हाईवे स्थित एक होटल में हुई बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों और पूर्व सांसदों को 2027 चुनाव के लिए स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय होना होगा और सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाना होगा।
बैठक में खड़गे ने आपसी गुटबाजी छोड़कर एकजुट होकर काम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाओ, उनकी समस्या सुनो और समाधान दो। तभी 2027 में जीत संभव है।  खडगे ने एक-एक जिले का फीडबैक लिया। उन्होंने जिलाध्यक्षों से पूछा कि बूथ स्तर पर संगठन कितना मजबूत है, सरकार की नाकामियों को जनता तक कैसे पहुंचाया जा रहा है और स्थानीय मुद्दों पर क्या काम हो रहा है। कई पदाधिकारियों से उन्होंने टिकट वितरण, आपसी गुटबाजी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी पर भी सीधे सवाल किए।
खडगे ने कहा कि अब फोटो वाली राजनीति नहीं चलेगी। जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही आगे लाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर विधानसभा में छह महीने के अंदर जनसंपर्क अभियान चलाया जाए और सरकार के खिलाफ गांव-गांव में मुद्दे उठाए जाएं। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और अग्निवीर जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहे।
कहा – मेरा उत्तराखंड दौरा पर्यटन के लिए नहीं ,प्रदेश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूत करने के लिए
रुद्रपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा कि उनका उत्तराखंड दौरा किसी पर्यटन के उद्देश्य से नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संगठन को मजबूत करने के लिए है।
खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति हमेशा अपने से वरिष्ठ नेताओं और विपक्ष के नेताओं के सम्मान की रही है। उन्होंने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी विपक्ष में रहते हुए कर्नाटक आते थे, तब कांग्रेस के नेता उनका सम्मान करते थे और उनके रहने-खाने की उचित व्यवस्था करते थे। राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अपने से बड़े और बुजुर्ग नेताओं का सम्मान अपनी जगह है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री द्वारा उनके दौरे को लेकर की गई टिप्पणी पर कहा कि उनसे पूछा जा रहा है कि वे उत्तराखंड क्यों आए हैं और क्या वे यहां ‘टूरिज्म’ के लिए आए हैं। इसके जवाब में उन्होंने स्पष्ट कहा कि मैंने पूरी दुनिया का दौरा किया है, पूरे हिंदुस्तान का दौरा किया है। यहां टूरिज्म के लिए नहीं आया हूं। मैं अपने लोगों के लिए आया हूं, अपनी जनता के लिए आया हूं, छात्रों के लिए आया हूं, कांग्रेस पार्टी को ज़िंदा रखने के लिए आया हूं और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए आया हूं।
चुनावों से पहले राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा,  मैं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हूं। मैं हर दिन यहां नहीं आ सकता, लेकिन हमारी टीम यहां मौजूद है । हम तब और वहां जाते हैं जब पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की ज़रूरत होती है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम बस पर्यटकों की तरह आते हैं और चले जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button